
Business@ncrkhabar. com-Bhiwadi.भिवाड़ी इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (बीआईआईए) और ज्ञान ज्योति शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में बीआईआईए भवन, भिवाड़ी में बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद (बीटीआर), असम के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योगों की कुशल मानव संसाधन आवश्यकताओं, कौशल विकास, शिक्षुता योजनाओं, रोजगार सृजन और उत्तर-पूर्व भारत में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करना था।
कार्यक्रम में बीआईआईए के माननीय संरक्षक रामप्रकाश, माननीय संरक्षक सतेंद्र सिंह चौहान, अध्यक्ष प्रवीण लाम्बा, ज्ञान ज्योति शिक्षा समिति के संजय चौहान सहित अनेक उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वहीं बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद के प्रतिनिधिमंडल में शिक्षा विभाग के विशेष कार्याधिकारी नित्य विनोद बारी, शिक्षा निदेशक जे.पी. ब्रह्मा तथा जनता महाविद्यालय, सेरफांगुरी के सह-प्राध्यापक धाल कुंबुर नाजरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ बीआईआईए के सचिव हरीश गौड़ द्वारा असम से आए प्रतिनिधिमंडल के स्वागत एवं अभिनंदन से किया गया। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच औद्योगिक सहयोग और मानव संसाधन विकास से राष्ट्रीय एकता मजबूत होने के साथ आर्थिक प्रगति को भी नई दिशा मिलती है।
बैठक के दौरान बोडोलैंड क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था, कौशल विकास कार्यक्रमों और प्रशिक्षित युवाओं की उपलब्धता पर विस्तृत जानकारी साझा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में शिक्षित एवं रोजगारोन्मुख युवा उपलब्ध हैं, जिन्हें देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए जा सकते हैं। साथ ही शिक्षुता संवर्धन योजनाओं के माध्यम से उद्योगों और युवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा की गई।
उद्योग प्रतिनिधियों ने भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में कुशल श्रमिकों की मांग, प्रशिक्षण संबंधी आवश्यकताओं और वर्तमान चुनौतियों को प्रतिनिधिमंडल के समक्ष रखा। दोनों पक्षों ने रोजगार सृजन, कौशल विकास, औद्योगिक प्रशिक्षण, निवेश प्रोत्साहन और दीर्घकालिक सहयोग की संभावनाओं पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया।
बोडोलैंड प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर-पूर्व भारत विशेषकर बोडोलैंड क्षेत्र में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों, आधारभूत सुविधाओं और निवेश के अनुकूल वातावरण की जानकारी देते हुए उद्योगपतियों को वहां निवेश की संभावनाएं तलाशने का आमंत्रण दिया।
बीआईआईए अध्यक्ष प्रवीण लाम्बा ने कहा कि भिवाड़ी के उद्योगों को लगातार प्रशिक्षित और कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता रहती है। ऐसे में बोडोलैंड क्षेत्र के साथ सहयोग दोनों क्षेत्रों के लिए लाभकारी साबित होगा। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और उद्योगों को योग्य कार्यबल उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम का समापन रोजगार, कौशल विकास और औद्योगिक संबंधों को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों ने इस पहल को दोनों क्षेत्रों के लिए लाभकारी और दूरगामी परिणाम देने वाला कदम बताया।

Users Today : 60
Total Users : 4563174
Views Today : 67
Total views : 4579457



