
ncrkhabar@Bhiwadi.राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविर-2026 आमजन के लिए राहत और सुविधाओं का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहे हैं। नगर परिषद भिवाड़ी में आयोजित शिविर में एक विशेष योग्यजन को समय पर सहायता मिलने से उसकी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आया है। संयुक्त सहायता योजना के तहत विशेष योग्यजन दीपचंद पुत्र भोलूराम को शिविर में व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। लंबे समय से आवागमन में कठिनाइयों का सामना कर रहे दीपचंद ने बताया कि व्हीलचेयर मिलने से अब उनकी दैनिक गतिविधियां काफी आसान हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि आवेदन के बाद कम समय में सहायता उपलब्ध होना प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है।
दीपचंद ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और शिविर में मौजूद अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पहले जहां छोटी-छोटी जरूरतों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
शिविर के दौरान जिला प्रभारी सचिव, जिला कलक्टर, अतिरिक्त जिला कलक्टर और नगर परिषद भिवाड़ी के आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाना है। इसी दिशा में विशेष योग्यजनों, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। प्रशासन की इस पहल से शहरी सेवा शिविर आमजन और सरकार के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनते जा रहे हैं, जहां लोगों को एक ही छत के नीचे कई विभागों की सेवाएं और योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



