Bhiwadi News: मुख्य सफाई निरीक्षक से मारपीट के विरोध में नगर परिषद के गेट पर बैठे कर्मचारी, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi.नगर परिषद भिवाड़ी के मुख्य सफाई निरीक्षक (सीनियर मैनेजर सॉलिड वेस्ट) दिनेश कुमार मीणा के साथ कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को नगर परिषद के कर्मचारी कार्यालय के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ आए दिन मारपीट व अभद्रता की घटनाएं होती रहती हैं। यदि ऐसे मामलों में समय पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी तो कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होगा। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

धरने की सूचना मिलने पर भिवाड़ी डीएसपी कैलाश चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीएसपी ने कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील भी की, लेकिन कर्मचारी गिरफ्तारी होने तक धरना जारी रखने की बात पर अड़े रहे। पुलिस को दी शिकायत में मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश कुमार मीणा ने बताया कि शुक्रवार सुबह सेक्टर-4 स्थित सामुदायिक भवन पर कार्य में लापरवाही के कारण हटाए गए कुछ ऑटो टिपर चालकों को समझाने के बाद वे काम पर लौट गए थे। इसके बाद एडीएम कार्यालय के पास उन्होंने देखा कि कुछ लोग नगर परिषद परिसर में कचरा डलवा रहे थे। विरोध करने पर देवेंद्र भिदूड़ी, कुलदीप दायमा, सतीश चावड़ा, दिवेश दायमा, लीलू बैंसला सहित अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज, हाथापाई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। भिवाड़ी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच डीएसपी कैलाश चौधरी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More