Bhiwadi News: नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक से धक्का-मुक्की व मारपीट, नगर परिषद के गेट पर फेंका कचरा

SHARE:

Ncrkhabar@Bhiwadi. भिवाड़ी नगर परिषद में शुक्रवार को ऑटो टिपर चालकों और नगर परिषद प्रशासन के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया। मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश मीणा ने एनएसयूआई जिलाध्यक्ष देवेंद्र भिदुड़ी सहित अन्य लोगों पर मारपीट, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए भिवाड़ी थाने में शिकायत दी है। घटना के दौरान नगर परिषद परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश मीणा ने बताया कि कार्य में लगातार लापरवाही बरतने पर दो ऑटो टिपर चालकों को सेवा से हटा दिया गया था। इसी कार्रवाई से नाराज होकर शुक्रवार सुबह एनएसयूआई जिलाध्यक्ष देवेंद्र भिदुड़ी के नेतृत्व में ऑटो टिपर चालक और अन्य स्थानीय लोग नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और उनके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की गई। कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

डंपिंग यार्ड को लेकर भी जताई नाराजगी

ऑटो टिपर चालकों का कहना है कि उन्हें रामपुर मुंडाणा स्थित एक्सचेंज डंपिंग यार्ड में कचरा डालने भेजा जा रहा है, जहां ग्रामीण विरोध कर रहे हैं और कचरा डालने नहीं दे रहे। चालकों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। इसके उलट दो चालकों को कार्य से हटा दिया गया, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई।

गेट के बाहर लगाया जाम, कचरा भी फैलाया

विवाद के बाद प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद के मुख्य गेट के बाहर ऑटो टिपर खड़े कर दिए और विरोध स्वरूप कचरा भी फैला दिया। इससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सफाई निरीक्षक के साथ धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। सूचना मिलने पर भिवाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना पुलिस का कहना है कि मुख्य सफाई निरीक्षक की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More