खैरथल-तिजारा में पेट्रोलियम पदार्थ के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 10,910 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त, तीन वाहन सीज

SHARE:

bhiwadi| NCRkhabar 

खैरथल तिजारा जिला प्रशासन ने पेट्रोलियम पदार्थ की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास क्षेत्र में दो स्थानों पर छापेमारी कर 10,910 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तीन वाहन, 54 ड्रम, पाइप, माप के उपकरण और अन्य सामग्री भी बरामद की गई। दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जिला कलक्टर अतुल प्रकाश के निर्देश पर जिला रसद अधिकारी राकेश सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सबसे पहले किशनगढ़बास तहसील के जाटका गांव में छापा मारा। यहां सरजीत गुर्जर (गुर्जरीवास) और राहुल (कांकरा) द्वारा अवैध रूप से पेट्रोल का भंडारण एवं बिक्री किए जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई। टीम ने मौके से 4,400 लीटर पेट्रोल, 22 प्लास्टिक ड्रम, दो पिकअप वाहन (RJ32GE0265 व RJ32GJE4598) तथा एक बोलेरो (RJ02UB5880) जब्त कर किशनगढ़बास थाने में मामला दर्ज कराया। इससे पहले गत 3 जुलाई को कांकरा गांव में भी प्रशासन ने कार्रवाई की थी। यहां कोषिन्द्र गुर्जर के कब्जे से 6,510 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ बरामद किया गया। इनमें 310 लीटर पेट्रोल, 4,800 लीटर पारदर्शी तरल पेट्रोलियम पदार्थ, 1,400 लीटर ज्वलनशील तरल पदार्थ तथा एक स्कॉर्पियो वाहन से 60 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ शामिल था। इसके अलावा 32 भरे हुए ड्रम, एक आधा भरा ड्रम, तीन मीटर लंबी पाइप और पांच लीटर की माप भी जब्त की गई।

जिला रसद विभाग की टीम ने मौके से कुल 15 नमूने लेकर जांच के लिए एफएसएल जयपुर भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जिला रसद अधिकारी ने बताया कि पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध रूप से पेट्रोल या अन्य ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण अथवा बिक्री होती दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

कार्रवाई में लिए 15 नमूने जयपुर भेजे

– 10,910 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त

– दो अलग-अलग छापेमारी में तीन वाहन सीज

– 54 ड्रम, पाइप और माप के उपकरण बरामद

– 15 नमूने एफएसएल जयपुर भेजे गए

– आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत दो एफआईआर दर्ज

किशनगढ़बास में अवैध पेट्रोल कारोबार पर कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए ड्रम और वाहन के साथ प्रवर्तन निरीक्षक एकता गहलावत एवं जिला रसद विभाग की टीम।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 4
Users Today : 198
Total Users : 4575948
Views Today : 245
Total views : 4596812
Read More