Bhiwadi Crime News: हरियाणा पुलिस का फर्जी CIA अधिकारी बनकर मेडिकल स्टोर संचालक से वसूले 1 लाख रुपए, दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi.भिवाड़ी फेज थर्ड थाना पुलिस ने हरियाणा पुलिस का फर्जी सीआईए (CIA) अधिकारी बनकर मेडिकल स्टोर संचालक से एक लाख रुपये की फिरौती वसूलने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सोमवार को पीड़ित से 50 हजार रुपये की दूसरी किस्त लेने पहुंचे थे, तभी पुलिस ने जाल बिछाकर उन्हें धर दबोचा। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय (IPS) के निर्देश पर भिवाड़ी फेज थर्ड एसएचओ विक्रम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार हरियाणा के नूंह जिले के तावडू सदर थाना क्षेत्र के सुनारी गांव निवासी अजरूदीन सांथलका में भारत फार्मेसी नाम से मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। गत 12 जुलाई की शाम स्विफ्ट कार में सवार पांच युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और खुद को सीआईए अधिकारी बताते हुए मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की अवैध बिक्री का आरोप लगाया। आरोपियों ने कार्रवाई का भय दिखाकर अजरूदीन को जबरन कार में बैठाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद 10 लाख रुपये की मांग की गई। विरोध करने पर मारपीट और धमकी देकर आरोपियों ने यूपीआई के जरिए पहले 10 हजार और फिर 90 हजार रुपये, कुल एक लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।

50 हजार लेने पहुंचे तो पुलिस ने बिछाया जाल

पीड़ित की यूपीआई लिमिट समाप्त होने पर आरोपियों ने अगले दिन 50 हजार रुपये और देने का दबाव बनाया। घटना की शिकायत मिलने के बाद भिवाड़ी फेज-3 थाना पुलिस ने रणनीति तैयार की। 13 जुलाई को आरोपियों ने फोन कर दो युवकों को पैसे देने के लिए मेडिकल स्टोर पर भेजा। पुलिस के निर्देशानुसार पीड़ित ने उन्हें बातचीत में उलझाए रखा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया।

दो आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित (23) निवासी गहनकर, थाना जैरोली, जिला खैरथल-तिजारा तथा हर्ष (20) निवासी वार्ड नंबर-31, भिवाड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। भिवाड़ी फेज-3 थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन, बैंक खातों और फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

आमजन से पुलिस की अपील

भिवाड़ी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को पुलिस या किसी जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर पैसे की मांग करे तो उसकी पहचान की पुष्टि करें और तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 2
Users Today : 178
Total Users : 4575928
Views Today : 222
Total views : 4596789
Read More