Bhiwadi News: संत जेवियर स्कूल की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे बच्चों ने बिखेरा हुनर, पर्यावरण से लेकर डिजिटल हेल्पर्स तक दिए प्रेरक संदेश

SHARE:

education@ncrkhabar. com-Bhiwadi.संत जेवियर स्कूल, भिवाड़ी के प्री-प्राइमरी विंग ‘बालवाटिका’ में आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों और रचनात्मक संदेशों के साथ यादगार बन गई। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने विभिन्न थीम पर आकर्षक वेशभूषा धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ बालवाटिका 3ए के छात्र उत्कर्ष सिन्हा के स्वागत भाषण से हुआ। प्रतियोगिता में प्रत्येक कक्षा के लिए अलग-अलग थीम निर्धारित की गई थी, जिनमें बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ मंच पर प्रस्तुति दी।

फलों एवं सब्जियों की थीम में बच्चे सेब, केला, गाजर, बैंगन और टमाटर की वेशभूषा में नजर आए। उन्होंने फलों और सब्जियों के पोषण संबंधी महत्व को भी रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया।

प्रकृति एवं पर्यावरण विषय पर विद्यार्थियों ने पेड़, सूरज, बादल, नदी और धरती मां का रूप धारण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

डिजिटल हेल्पर्स थीम के तहत छोटे बच्चे मोबाइल, लैपटॉप, रोबोट, एटीएम और गूगल मैप की वेशभूषा में मंच पर पहुंचे। उन्होंने कविता और संवादों के माध्यम से डिजिटल तकनीक के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की झलक भी प्रतियोगिता में देखने को मिली। बच्चों ने राजस्थान की घाघरा-लूगड़ी, पंजाब की फुलकारी, गुजरात की चनिया-चोली और दक्षिण भारत की कांजीवरम साड़ी पहनकर देश की सांस्कृतिक विविधता का सुंदर प्रदर्शन किया।

हेल्दी फूड बनाम जंक फूड थीम प्रतियोगिता का सबसे आकर्षक हिस्सा रही। एक ओर दूध, फल और दाल-रोटी की वेशभूषा में बच्चे थे, जबकि दूसरी ओर बर्गर, पिज्जा और कोल्ड ड्रिंक का रूप धारण किए विद्यार्थियों ने प्रस्तुति दी। अंत में सभी बच्चों ने स्वस्थ भोजन अपनाने और जंक फूड से दूरी बनाने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जुगल किंडो ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बालवाटिका प्रभारी सिस्टर आरसी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए शिक्षकों और अभिभावकों की सराहना करते हुए बताया कि प्रत्येक थीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका ममता सिंह ने किया, जबकि बालवाटिका 3ए की छात्रा आयरा गुलाटी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 2
Users Today : 178
Total Users : 4575928
Views Today : 222
Total views : 4596789
Read More