

Bhiwadi News: पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से नाहटा फाउंडेशन की ओर से बुधवार को आदिनिव इंटरनेशनल परिसर में पौधरोपण किया गया। अभियान के तहत छायादार, फलदार और औषधीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल पौधरोपण करना नहीं, बल्कि बच्चों और आमजन में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। इस दौरान बच्चों को पौधों के महत्व, जैव विविधता, जल संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी – नाहटा
इस अवसर पर वार्ड नंबर 2 के पार्षद एवं समाजसेवी अमित नाहटा जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर शुभ अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल तब तक करें, जब तक वह वृक्ष न बन जाए। नाहटा फाउंडेशन की अध्यक्ष रीतिभा नाहटा ने कहा कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों की भागीदारी इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता है, क्योंकि आने वाले समय में यही बच्चे पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएंगे। कार्यक्रम में नाहटा फाउंडेशन के सचिव सुरेंद्र रावत, कोषाध्यक्ष सौम्या श्री, बॉबी अग्रवाल, संजय शर्मा, सौम्य रंजन, मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष राकेश देहरू, अपर्णा पुट्टी, राम अयोध्या, सुजीत सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्कूली बच्चे मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पौधरोपण किया और क्षेत्र को अधिक हराभरा बनाने का संकल्प दोहराया।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



