


ncrkhabar@Bhiwadi. खैरथल-तिजारा जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने शुक्रवार को भिवाड़ी में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिला कलक्टर ने सबसे पहले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट में शेष फिनिशिंग कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नवंबर माह तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के आवश्यक कार्य निर्धारित समय पर पूरे किए जाएं, ताकि प्लांट का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।
जिला अस्पताल के निर्माण कार्य की समीक्षा
इसके बाद जिला कलक्टर ने जिला अस्पताल भिवाड़ी का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यकारी एजेंसी के इंजीनियर से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और देरी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि अस्पताल परियोजना जल्द पूरी हो और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बीड़ा स्टेडियम में सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला कलक्टर ने भिवाड़ी बीड़ा स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं और आधारभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्टेडियम में लाइटिंग व्यवस्था सुचारू रखने, खिलाड़ियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा शेष निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे करने के निर्देश दिए।उन्होंने भिवाड़ी में विकसित किए जा रहे साइकिल ट्रैक का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति और शेष कार्यों की जानकारी लेते हुए साइकिल ट्रैक को निर्धारित समय पर तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके।
फूड कोर्ट का निर्माण समय पर पूरा करें
जिला कलक्टर ने भिवाड़ी में निर्माणाधीन फूड कोर्ट का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसी को शेष कार्य तय समयसीमा में पूरा करने तथा निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने सभी विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान किया जाए और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि भिवाड़ी में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो तथा आमजन को विकास कार्यों का लाभ मिल सके।निरीक्षण के दौरान बीड़ा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गिरधर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर सुमित्रा मिश्र, नगर परिषद आयुक्त सुरेश मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Users Today : 27
Total Users : 4579250
Views Today : 30
Total views : 4600932


