
NCRkhabar@Bhiwadi. कस्बे में सोमवार को हुई हल्की बूंदाबांदी से सर्दी का सितम बढ़ गया तथा लोगों को प्रदूषण व सर्दी से राहत नहीं मिली। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे तथा सूरज बादलों की ओट में छिपा रहा। सुबह व दोपहर के वक़्त हुई हल्की बूंदाबांदी से सर्दी बढ़ गई तथा लोग गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकले। वहीं बूंदाबांदी के बावजूद वायु प्रदूषण (Air Pollution) से निजात नहीं मिली तथा वायु गुणवत्ता सूचकांक (Air Quality Index) रविवार के मुकाबले चार अंक बढ़ गया। रविवार को जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 379 तक पहुंच गया था, वहीं सोमवार को 383 तक पहुंच गया जबकि पीएम 2.5 व पीएम 10 का स्तर क्रमशः 454 व 405 तक पहुंच गया। अगर इसी तरह प्रदूषण का स्तर बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में पुनः ग्रेप (GRAP) के चौथे चरण को लागू किया जा सकता है। अभी आने वाले कुछ दिनों तक वायु प्रदूषण से राहत मिलने के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं लेकिन सुबह के वक़्त कोहरा बढ़ने वाला है और तापमान में गिरावट आ सकती है। यहां लोगों को मजबूरी में जहरीली हवा में सांस लेनी पड़ रही है, जिससे सांस, खांसी, दिल और त्वचा के रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों व सांस के रोगियों को सुबह-शाम टहलने से बचना चाहिए और जरुरत हो तो मास्क लगाकर बाहर निकलना चाहिए।

Users Today : 236
Total Users : 4584294
Views Today : 311
Total views : 4608427



