


NCRkhabar@Bhiwadi. कस्बे के रीको चौक के पास औद्योगिक क्षेत्र (RIICO Industrial Area) में स्थित एक फैक्ट्री के सामने चाय की थड़ी पर सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई, जिससे खोखे में बैठे सात वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक दूसरी कक्षा में पढ़ता था। सिलेण्डर फटने से हुए तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक खोखा और उसमें रखा फ्रिज सहित अन्य सामान पूरी तरह जल गया। हादसे के दौरान मृतक का चाचा एक फैक्ट्री में चाय देने गया था। चाय के खोखे के ऊपर से जा रहा बिजली के ट्रांसफार्मर का तार भी टूटकर नीचे गिर गया।
जानकारी के अनुसार अलवर (Alwar) जिले के थानागाजी (Thanagazi निवासी विक्रम भिवाड़ी में पिछले दस साल से रहकर जीवनयापन कर रहे थे। विक्रम का परिवार इन दिनों अलवर बाईपास स्थित एक सोसायटी में रहता है और वह हरचंदपुर गांव में परचून की दुकान चलाते हैं जबकि उनका भाई सुरेंद्र रीको चौक के पास चाय की थड़ी लगाता है। सुरेंद्र ने बताया कि गुरुवार दोपहर तकरीबन सवा दो बजे वह चाय देने एक फैक्ट्री में गया था जबकि उसका भतीजा सात वर्षीय रितिक खोखे में बैठा था। इस दौरान खोखे में रखे दो कमर्शियल सिलेंडर में से एक सिलेंडर फट गया। तेज धमाके की वजह से खोखे में रखे फ्रिज के नींचे दबने से रितिक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मृतक के पिता सहित परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं आग लगने की जानकारी मिलने पर नगर परिषद के दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक खोखा पूरी तरह जल गया था। नगर परिषद के अग्निशमन अधिकारी नरेश मीणा ने बताया कि सिलेण्डर फटने से खोखे में आग लगी थी और सूचना मिलने पर वह दमकलकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू गया। वहीं मौके पर पहुंची भिवाड़ी थाना पुलिस ने शव को भिवाड़ी जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।








Views: 577
Users Today : 39
Total Users : 4584349
Views Today : 40
Total views : 4608487



