
NCRkhabar@Agra/Kanpur. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे (Agra Lucknow Expressway) पर मंगलवार की सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब मकनपुर के पास तेज रफ्तार दो स्लीपर बसें आपस में टकरा गईं। इस भीषण टक्कर में दोनों बसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनमें सवार 26 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार से एक्सप्रेस वे गूंज उठा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जिनमें से गंभीर रूप से घायल 15 यात्रियों को कानपुर रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद दोनों बसों के चालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह एक चालक को झपकी आना बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली (Delhi) से लगभग 40 यात्रियों को लेकर गोंडा (Gonda) जा रही एक निजी स्लीपर बस सुबह करीब 4:15 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर मकनपुर के नजदीक किलोमीटर संख्या 215 पर पहुंची थी। तभी पीछे से तेज गति से आ रही एक अन्य स्लीपर बस, जो सिद्धार्थनगर (Siddharth Nagar) जा रही थी, ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आगे चल रही बस पलट गई और दोनों बसों के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे अरौल इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव, एसीपी अमरनाथ यादव और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल क्षतिग्रस्त बसों से घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। लगभग 15 एंबुलेंस की मदद से सभी 26 घायलों को आनन-फानन में सीएचसी भेजा गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने 15 यात्रियों को कानपुर के एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बसों को एक्सप्रेस वे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। अरौल इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि दोनों बसों में लगभग 40-40 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीछे से आ रही बस के चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि दोनों बसों के चालकों की तलाश की जा रही है और घटना की विस्तृत जांच जारी है। इस हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेस वे पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।




Users Today : 236
Total Users : 4584294
Views Today : 311
Total views : 4608427



