
Ncrkhabar@khaithal-tijara.खैरथल-तिजारा जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने बुधवार को जिला सचिवालय में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में राज्य राजमार्गों पर रोड सर्विलांस टीम गठित करने के निर्देश दिए। यह टीम हाईवे पर होने वाले अवैध अतिक्रमणों की पहचान कर उन्हें हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आगामी सोमवार तक सड़क के राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में आने वाले सभी स्थायी और अस्थायी अवैध निर्माणों को चिन्हित कर हटाया जाए। उन्होंने रीडकोर और आरएसआरडीसी को अनुबंध की शर्तों के अनुसार सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सभी टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस, स्वच्छ शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग को टोल प्लाजा का नियमित निरीक्षण करने, हाईवे पर बने अवैध कटों को तत्काल बंद कराने और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए कहा गया। सभी टोल प्लाजा पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिला कलक्टर ने पिछले महीने हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों पर रोड इंजीनियरिंग सुधार, चेतावनी संकेतक (साइनेज) और अन्य सुरक्षा उपाय शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग और पुलिस विभाग को समन्वय बनाकर सड़क दुर्घटनाओं का विवरण ई-डीएआर (e-DAR) एप पर समयबद्ध दर्ज करने के लिए कहा गया। उन्होंने शिक्षा विभाग के सहयोग से जिले में पंजीकृत 302 बाल वाहिनियों की जांच कराने और उनके चालकों का चिकित्सा विभाग के माध्यम से नेत्र परीक्षण (आई टेस्ट) कराने के निर्देश दिए। वहीं चिकित्सा विभाग को सड़क दुर्घटना में घायल प्रत्येक मरीज का प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार निशुल्क उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय, अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



