
NCRkhabar@Mundawar. खैरथल तिजारा (Khairthal-Tijara ) जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र के सराय कला गांव में गत शनिवार को हुई छह वर्षीय मासूम बच्चे लोकेश की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है, जहां आरोपी मनोज ने अपनी पत्नी का वशीकरण करने के लिए एक तांत्रिक के कहने पर अपने ही भतीजे की बलि दी थी। आरोपी ने शव से खून निकालने के लिए जगह-जगह इंजेक्शन भी चुभाए थे। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में फरार चल रहे खानपुर निवासी तांत्रिक सुनील को भी गिरफ्तार कर लिया है।
वशीकरण के लिए मांगा था बच्चे का खून और कलेजी
मुंडावर (Mundawar) एसएचओ महावीर सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी मनोज ने खुलासा किया कि उसकी पत्नी अपने पीहर में रह रही थी और ससुराल नहीं लौट रही थी। अपनी पत्नी को वापस लाने और उस पर वशीकरण करने के लिए मनोज ने मुंडावर के खानपुर अहीर निवासी तांत्रिक सुनील से संपर्क किया। तांत्रिक सुनील ने मनोज से 12 हजार रुपये और एक बच्चे की बलि के रूप में शनिवार को भोग के लिए खून और कलेजी लाने को कहा।
तांत्रिक के कहने पर मनोज ने गत शनिवार को अपने भतीजे लोकेश को एक सुनसान मकान में ले जाकर बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं तांत्रिक सुनील के बताए अनुसार उसने मृतक बालक लोकेश के शरीर से खून निकालने के लिए कई जगह इंजेक्शन चुभाए। बाद में आरोपी ने मृतक के शव को तूड़े से भरे कमरे में छिपा दिया, ताकि उसे समय मिलने पर शव में से कलेजी और खून निकालकर तांत्रिक को दे सके। अपने अपराध को छिपाने के लिए मनोज अपने परिवारजनों के साथ बालक को ढूंढने का नाटक भी करता रहा। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी मनोज की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त इंजेक्शन बरामद कर लिया है। साथ ही फरार चल रहे तांत्रिक सुनील निवासी खानपुर अहीर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब तांत्रिक सुनील से इस पूरे मामले के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

Views: 267
Users Today : 3
Total Users : 4580047
Views Today : 12
Total views : 4602098



