
NCRkhabar@Bhiwadi. भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी प्रशांत किरण ने मंगलवार को भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। एसपी कार्यालय पहुंचने पर पुलिस कर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जिसके बाद उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। प्रशांत किरण ने पदभार संभालते ही अपनी प्राथमिकताओं का खाका खींचा, जिसमें अंतरराज्यीय अपराधियों पर नकेल कसना, संगठित और भूमि संबंधी अपराधों पर नियंत्रण तथा साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान जारी रखना शामिल है।
भिवाड़ी एसपी ज्येष्ठा मैत्रैयी का शनिवार को सीआईडी एसपी जयपुर के पद पर तबादला होने के बाद सीकर जिले में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत आईपीएस प्रशांत किरण को भिवाड़ी की कमान सौंपी गई है। प्रशांत किरण ने भिवाड़ी की भौगोलिक स्थिति और औद्योगिक स्वरूप को देखते हुए यहां की अपराध प्रकृति को अन्य जिलों से अलग बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा से निकटता के कारण यहां अंतरराज्यीय अपराधियों की सक्रियता अधिक होती है। ऐसे में इन अपराधियों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की जाएगी ताकि उनकी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
एसपी किरण ने विशेष रूप से संगठित अपराधों और भूमि संबंधी अपराधों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ चल रही मुहिम जारी रहेगी और उनकी धरपकड़ निरंतर चलती रहेगी।
आमजन की समस्याओं को मिलेगी प्राथमिकता
नवनियुक्त एसपी ने आमजन के लिए अपनी उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि फरियादी बिना किसी रोक-टोक के अपनी शिकायतें लेकर एसपी कार्यालय आ सकते हैं और उनके लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण भिवाड़ी में शांति व्यवस्था और सुरक्षा एक महत्वपूर्ण चुनौती है। एसपी प्रशांत किरण ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि औद्योगिक क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर उनका खास ध्यान रहेगा। उनका कहा कि भिवाड़ी में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधमुक्त माहौल सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

Views: 552
Users Today : 3
Total Users : 4580047
Views Today : 15
Total views : 4602101



