फरीदाबाद के जेसी बोस वाईएमसीए यूनिवर्सिटी की छात्रा ने की आत्महत्या, पिता ने लगाया युवक और हॉस्टल कर्मी पर आरोप

SHARE:

NCRkhabar@aFaridabad. हरियाणा के फरीदाबाद स्थित जेसी बोस वाईएमसीए यूनिवर्सिटी (YMCA University) के गर्ल्स हॉस्टल में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की तृतीय वर्ष की छात्रा वंशिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह रेवाड़ी (Rewari) के मोतला खुर्द गांव की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर वंशिका ने अपनी रूममेट को कपड़े बदलने का बहाना देकर कमरे से बाहर भेजा और खुद को कमरे में बंद कर लिया। जब उसकी रूममेट वापस आई, तो उसने दरवाजा बंद पाया। खिड़की से झांकने पर वंशिका फंदे से लटकी हुई मिली।
हॉस्टल प्रबंधन को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और उसके परिवार वालों को सूचित किया। वंशिका के पिता अविनाश का आरोप है कि उनकी बेटी ने यह कदम एक युवक और हॉस्टल की एक महिला कर्मी की प्रताड़ना के कारण उठाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच करने की अपील की है। फरीदाबाद के सेक्टर आठ थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। वंशिका के परिवार वालों ने बताया कि हॉस्टल की महिला कर्मी वंशिका को परेशान करती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे मौके पर पहुंचे, तो महिला कर्मी ने उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया। वंशिका के पिता अविनाश ने बताया कि जन्माष्टमी पर घर आने की बात करते हुए वंशिका ने उन्हें बताया था कि यदि वह अभी घर आएगी, तो उसका कमरा बदल दिया जाएगा और उसे हॉस्टल की महिला कर्मी परेशान कर रही है। अविनाश ने यह भी बताया कि उनकी बेटी को मनचाहा कमरा नहीं दिया गया था, जिस वजह से वह अक्सर परेशान रहती थी।

वंशिका के पिता अविनाश ने बताया कि उनकी बेटी की रूममेट पिंकी ने उन्हें बताया कि वंशिका अक्सर सौरभ नाम के एक युवक से बात करती थी, जो उनके पड़ोसी गांव का रहने वाला है। शनिवार को भी वंशिका की सौरभ के साथ फोन पर बहस हुई थी। पिंकी ने बताया कि इस घटना के कुछ देर बाद ही वंशिका ने आत्महत्या कर ली। वंशिका के पिता ने पुलिस को बताया कि वे उस युवक को नहीं जानते और उन्होंने पुलिस से बेटी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल की जांच करने की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

 

कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर वंशिका ने यह कदम क्यों उठाया? पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। कमरे की गहन तलाशी के बावजूद कोई ऐसी चीज नहीं मिली, जो घटना के कारणों को बता सके। पुलिस के मुताबिक यह आत्महत्या का मामला है, लेकिन बिना सुसाइड नोट के किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

दो-तीन दिनों से परेशान चल रही थी

सेक्टर-7 चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस कई तरह की जांच कर रही है। इस जांच में वंशिका के परिजनों, उसके दोस्तों और हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं से पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह समझने की कोशिश कर रही है कि पिछले कुछ दिनों में ऐसा क्या हुआ था कि वंशिका इतनी परेशान हो गई कि उसने यह कदम उठा लिया। यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता के बयान से यह पता चला है कि वंशिका पिछले दो-तीन दिनों से परेशान चल रही थी, लेकिन उसकी परेशानी का असली कारण क्या था, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

 

मृतक छात्रा वंशिका (फाईल फोटो )

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 2 7 0
Users Today : 18
Total Users : 4572701
Views Today : 20
Total views : 4592219
Read More