जिला कलक्टर किशोर कुमार ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी, वीरांगनाओं व उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
Ncrkhaabar@Bhiwadi. खैरथल तिजारा जिले में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खैरथल का प्रांगण तिरंगे की शान और देशभक्ति के स्वर से गूंज उठा। जिला कलक्टर किशोर कुमार ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में पुलिस विभाग व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की आकर्षक परेड, वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के साथ राष्ट्रगान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि विधायक किशनगढ़ बास दीपचंद खैरिया, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव, अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट, नगर परिषद सभापति हरिश रोघा सहित जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने राज्यपाल का संदेश भी पढ़कर सुनाया।
जिला कलक्टर कलेक्टर ने किया बलिदानों को याद
मुख्य अतिथि जिला कलक्टर किशोर कुमार ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों व सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आज़ादी हमें सहज रूप से नहीं मिली, बल्कि इसके पीछे अनगिनत बलिदान और संघर्ष की कहानियाँ जुड़ी हैं। उन्होंने स्वतंत्रता को केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक बताते हुए शिक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व, औद्योगिक व कृषि विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन विकास कार्यों को धरातल तक पहुंचाने के लिए सदैव तत्पर है।
वीरांगनाओं व उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों की वीरांगनाओं ओमवती, संतोष व चंद्रावती का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 25 जनों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो प्रदान किए गए। सम्मानित व्यक्तियों में उपखण्ड अधिकारी लाखन सिंह गुर्जर, तहसीलदार मुंडावर लोकेश कुमार, प्रधानाध्यापिका कस्तूरबा गांधी निशा यादव, प्रधानाचार्य राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय टपुकड़ा नीलम यादव, सहायक अभियंता सीताराम, कर्मचारी शांति देवी, अध्यापक गुरुदत्त शर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीमा देवी, भामाशाह प्रकाश दादानी, सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट, वनरक्षक महेंद्र सैनी, सूचना सहायक गोविंद प्रसाद, सहायक राजस्व अधिकारी नरपत सिंह चारण, वरिष्ठ सहायक राजेश कुमार यादव, योगाचार्य हरिओम सैनी, कनिष्क सहायक शिक्षा विभाग अमित चौधरी, श्री 108 मोनी बाबा आश्रम गौशाला, कनिष्क अभियंता शंकर सिंह नरूका, सहायक निदेशक टूरिज्म संजय कुमार, छात्र निकिता वर्मा एवं कोमल, कर्मचारी सुरेंद्र कुमार, सूचना सहायक अर्चना गुप्ता एंव सरपंच जसाई को उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
स्कूली विद्यार्थियों ने व्यायाम प्रदर्शन, देशभक्ति गीतों पर सामूहिक नृत्य व विविधता में एकता को दर्शाने वाली प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जवाहर नवोदय विद्यालय खैरथल और द्वितीय स्थान राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय खैरथल को मिला। वहीं झांकी प्रतियोगिता में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने पहला, शिक्षा विभाग ने दूसरा और कृषि विभाग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।


Users Today : 341
Total Users : 102376
Views Today : 376
Views This Year : 6044
Total views : 178464



