रेल नेटवर्क से जुड़ेगा भिवाड़ी, रेवाड़ी अलवर-मथुरा लाईन पर बनेंगे सैटेलाइट रेलवे स्टेशन

SHARE:

ncrkhabar@new delhi-bhiwadi. अलवर संसदीय क्षेत्र के लिए रेलवे विकास को लेकर दिल्ली स्थित रेलवे भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री व अलवर सांसद भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में भिवाड़ी, खैरथल और अलवर के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सैद्धांतिक सहमति मिली।

रेल मंत्री ने बताया कि भिवाड़ी को दिल्ली–भिवाड़ी–नीमराना–जयपुर नई रेलवे लाइन से जोड़ा जाएगा। साथ ही भिवाड़ी में आधुनिक कंटेनर डिपो बनाया जाएगा, जिससे औद्योगिक इकाइयों को सस्ती व तेज़ लॉजिस्टिक्स सुविधा मिलेगी। रेवाड़ी–अलवर–मथुरा लाइन पर नए सैटेलाइट रेलवे स्टेशन विकसित किए जाएंगे। सांसद भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के तहत रेलवे नेटवर्क का विकास अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। इससे भिवाड़ी और रेवाड़ी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को परिवहन की बड़ी सौगात मिलेगी, वहीं अलवर और खैरथल के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

 

 कंटेनर डिपो से होगा उद्योगों को फायदा

कंटेनर डिपो खुलने से स्थानीय उद्योगों को सीधा रेल नेटवर्क मिलेगा। कंपनियों का माल सीधे कंटेनरों में देशभर और बंदरगाहों तक जाएगा। इससे कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों की आपूर्ति दोनों में तेजी आएगी। परिवहन लागत में 15–20 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। इससे भिवाड़ी न केवल घरेलू निवेशकों बल्कि अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए भी और आकर्षक बन जाएगा। लॉजिस्टिक्स कंपनियों, ट्रांसपोर्ट व पैकेजिंग सेक्टर में रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। भिवाड़ी में नया रेलवे स्टेशन बनने से लाखों यात्रियों को दिल्ली, जयपुर, अलवर और रेवाड़ी तक रेलमार्ग से सीधा आवागमन संभव होगा।

 शहरी और औद्योगिक विकास को गति

रेलवे स्टेशन और कंटेनर डिपो से भिवाड़ी की पहचान केवल औद्योगिक नगर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह एक पूर्ण रेल-इंडस्ट्रियल हब के रूप में उभरेगा। इससे रियल एस्टेट, व्यापार और रोजगार में उछाल आएगा। साथ ही रेवाड़ी जैसे बड़े रेलवे जंक्शन से तालमेल बढ़ेगा, जिससे उद्योग और श्रमिकों की आवाजाही और सुगम होगी।

 नई ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को मिलेगी आवागमन में सुविधा

बैठक में क्षेत्र की मांगों को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों के ठहराव स्वीकृत हुए हैं।

  • खैरथल : वंदे भारत एक्सप्रेस, मंडोर सुपरफास्ट, डबल डेकर, मसूरी एक्सप्रेस
  • अलवर : राजधानी एक्सप्रेस, रानीखेत, मसूरी एक्सप्रेस, भुज-बरेली, बाड़मेर-मथुरा सुपरफास्ट, मरुधर एक्सप्रेस
  • राजगढ़ : मालानी सुपरफास्ट, राजकोट वीकली, गरीब नवाज एक्सप्रेस
  • अन्य ठहराव : खानपुर अहिर पर बांदीकुई-दिल्ली ट्रेन, हरसोली पर रानीखेत-भुज-बरेली, कथुवास पर रुणिचा एक्सप्रेस, करणपुरा/रैणी पर आगरा-अजमेर एक्सप्रेस, भिवानी–जयपुर–भिवानी ट्रेन।

इसके साथ ही मथुरा-गंगापुर सिटी ट्रेन को कोटा तक बढ़ाने, श्रीगंगानगर-गुवाहाटी एक्सप्रेस का नया रूट जयपुर-अलवर-मथुरा-आगरा कैंट से करने और चेन्नई–अहमदाबाद हमसफर एक्सप्रेस का रूट हिसार तक बढ़ाने पर सहमति बनी।

Leave a Comment

Our Visitor

1 5 1 6 1 4
Users Today : 283
Total Users : 151614
Views Today : 353
Views This Year : 67989
Total views : 240409
Read More