
ncrkhabar@Bhiwadi. भारत विकास परिषद् शाखा भिवाड़ी राजस्थान उत्तर-पूर्व की ओर से रविवार को शाखा स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन आर.पी.एस. स्कूल धारूहेड़ा में हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने हिंदी और संस्कृत में सामूहिक गायन की प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सी.ए. आर.के. गुप्ता (क्षेत्रीय मंत्री–वित्त) और शाखा अध्यक्ष अमित नाहटा व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन व वंदे मातरम् के सामूहिक गान से किया।
समूह गान के ये रहे विजेता
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रसिद्ध नृत्यांगना रोज़ी शर्मा, अनुराधा शर्मा और मंजुला माथुर शामिल रहीं। प्रतियोगिता में आर.पी.एस. स्कूल प्रथम, मॉडर्न पब्लिक स्कूल द्वितीय, आर.डी.एस. पब्लिक स्कूल तृतीय एवं आदर्श विद्या मंदिर स्कूल को चौथा स्थान मिला।
विजयी प्रतिभागियों को मिलेंगे एक लाख रुपए
कार्यक्रम में नाहटा फाउंडेशन की ओर से घोषणा की गई कि शाखा से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर विजयी होने वाले प्रतिभागियों को कुल एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
आयोजन का महत्व
कार्यक्रम संयोजक डॉ. नितिन रस्तोगी ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 8 प्रस्तुतियाँ हुईं। डॉ. मोनिका रस्तोगी ने कहा कि “संगीत ईश्वर की प्राप्ति का साधन है और ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार और राष्ट्रीय चेतना का संचार करते हैं।” कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवनीता शर्मा ने किया, जबकि अंत में शाखा सचिव अनिल सिंघल ने आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर कोषाध्यक्ष नन्दकिशोर अग्रवाल, ‘संस्कार’ प्रमुख सुनीता यादव, मनोज जैन, योगेश जैन, सुरेंद्र यादव, विजय बंसल, राजीव टिकमानी, नितिन जैन, सुनीता सोनी, कामिनी सिंघल, रोटरी शक्ति अध्यक्षा सरिता श्रीवास्तव, नाहटा फाउंडेशन से रितिभा नाहटा, विजयेता माहेश्वरी, वैष्णवी अग्रवाल, अश्वनी ग्रोवर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण मौजूद रहे।

Users Today : 278
Total Users : 147801
Views Today : 335
Views This Year : 63206
Total views : 235626



