भिवाड़ी को स्वच्छ और हरित शहर बनाने की पहल : केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया निरीक्षण, आमजन से किया सहयोग का आह्वान

SHARE:

भिवाड़ी को स्वच्छ तथा हराभरा बनाने के लिए बीडा सीईओ आईएएस अतुल प्रकाश व अन्य अधिकारियों से बातचीत करते केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव।

 

ncrkhabar@Bhiwadi. केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने शनिवार को भिवाड़ी पहुंचकर स्वच्छता और पर्यावरण से जुड़े कई स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने और भिवाड़ी को स्वच्छ, हरित व विकसित शहर बनाने के लिए सहयोग की अपील की।

केंद्रीय  मंत्री ने सेंट्रल पार्क से की दौरे की शुरुआत

केंद्रीय मंत्री यादव ने सबसे पहले सेंट्रल पार्क का दौरा किया। यहां उन्होंने सुबह की सैर पर आए नागरिकों से बातचीत की और स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक और तेजी से विकसित हो रहे भिवाड़ी को स्वच्छता और पर्यावरण के क्षेत्र में भी मिसाल बनना होगा।

 बाबा मोहन राम नगर वन का किया निरीक्षण

इसके बाद उन्होंने 102 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित बाबा मोहन राम नगर वन का निरीक्षण किया, जहां मियावाकी पद्धति से अब तक एक लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। यादव ने स्वयं वृक्षारोपण किया और कहा कि यह नगर वन आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य पर्यावरणीय धरोहर साबित होगा।

 जलभराव समस्या पर जताई चिंता

भिवाड़ी की वर्षों पुरानी जलभराव समस्या पर भी केंद्रीय मंत्री ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सारेखुर्द बांध का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर ठोस व दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

 17 सितम्बर से शुरू होगा स्वच्छता पखवाड़ा

यादव ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर (महात्मा गांधी जयंती) तक पूरे देश में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। उन्होंने हर नागरिक से अपील की कि वे अपने घर के बाहर कचरा पात्र रखें, कचरे का होम सेग्रीगेशन करें और उसे उचित तरीके से ऑटो टिपर में डालें।

 “नागरिकों का सहयोग ही सबसे बड़ी ताकत”

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रशासन और आमजन के सामूहिक प्रयास से ही भिवाड़ी को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरणीय दृष्टि से विकसित बनाया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नागरिकों का सहयोग ही स्वच्छ भारत अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है। इस मौके पर बीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अतुल प्रकाश, डीएफओ राजेंद्र हुड्डा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More