भिवाड़ी को मिलेगी जलभराव से राहत, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से होगी तेज कनेक्टिविटी

SHARE:

ncrkhabar@newdelhi/bhiwadi. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में तेजी से उभरते औद्योगिक शहर भिवाड़ी के लिए मंगलवार का दिन विकास की नई राह लेकर आया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के आवास पर अलवर लोकसभा क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं को लेकर हुई उच्च स्तरीय बैठक में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने भिवाड़ी को केंद्र में रखकर चर्चा की। बैठक में शहर की प्रमुख समस्याओं—जलभराव, यातायात जाम और औद्योगिक संपर्क मार्गों—का स्थायी समाधान निकालने की दिशा तय हुई।

जलभराव से स्थायी राहत की तैयारी

सांसद भूपेंद्र यादव ने बैठक में भिवाड़ी की सबसे गंभीर समस्या जलभराव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि शहर में औद्योगिक इकाइयों का दूषित पानी 6 एमएलडी सीईटीपी से शोधित कर पुनः उपयोग में लाया जा रहा है और घरेलू गंदे पानी के लिए 34 एमएलडी एसटीपी का काम प्रगति पर है। इसके बावजूद नेशनल हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। इस पर गडकरी ने एनएचएआई और हरियाणा-राजस्थान के अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाकर स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए।

नीमराना-भिवाड़ी मार्ग से उद्योगों को फायदा

बैठक में नीमराना से भिवाड़ी तक प्रस्तावित सड़क को केएमपी एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया। इस परियोजना के पूरा होने पर भिवाड़ी से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक सीधा और तेज संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा। इससे न केवल यात्रा समय घटेगा, बल्कि एनसीआर के अन्य मार्गों पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी। उद्योगों के लिए माल ढुलाई आसान होगी और भिवाड़ी का औद्योगिक विकास नई गति पकड़ेगा।

एनसीआर में कम होगा ट्रैफिक का दबाव

भिवाड़ी की कनेक्टिविटी को लेकर हुई चर्चा में बताया गया कि एनसीआर का अहम हिस्सा होने के कारण यहां रोजाना हजारों वाहनों का दबाव रहता है। दिल्ली, गुड़गांव, मानेसर, फरीदाबाद और जयपुर की ओर जाने वाले मार्गों पर जाम आम समस्या है। प्रस्तावित सड़क परियोजनाएं इस दबाव को कम करने में मददगार साबित होंगी।

स्थानीय स्तर पर मिलेगी राहत और विकास

सांसद यादव ने बैठक में कहा कि भिवाड़ी केवल एक औद्योगिक केंद्र नहीं बल्कि एनसीआर की जीवनरेखा है। यहां रोजगार, उद्योग और ग्रामीण विकास आपस में जुड़े हुए हैं। जलभराव की समस्या हल होने और नई सड़क परियोजनाओं के पूरा होने पर स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित यात्रा और बेहतर जीवनस्तर मिलेगा।

बैठक में शामिल रहे जनप्रतिनिधि

बैठक में राजस्थान के वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व अलवर शहर विधायक संजय शर्मा, तिजारा विधायक महंत बालक नाथ योगी, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, जिला प्रमुख बालवीर छिल्लर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, सरिस्का एलिवेटेड रोड, पनियाला-बड़ौदा मेव एक्सप्रेसवे और सीआरआईएफ परियोजनाओं को लेकर गहन चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का अलवर को मिली सौगातों के लिए आभार जताया और उन्हें अलवर का मशहूर कलाकंद व रामगढ़ की पॉटरी भेंट कर स्वागत किया।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More