स्वदेश से अंतरिक्ष तक: भिवाड़ी में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर का शुभारंभ, स्वदेशी का अर्थ चरखे से चन्द्रमा तक पहुंचना

SHARE:

 

कस्बे के अरावली विहार स्थित मेला ग्राउंड में आयोजित इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर का उदघाटन करते केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव व तिजारा विधायक महंत बालकनाथ एवं उपस्थित गणमान्य लोग।

Business@ncrkhabar. com-Bhiwadi.केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को अखिल भारतीय संगठन मंत्री, लघु उद्योग भारती प्रकाशचंद के साथ जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र भिवाड़ी, जिला प्रशासन खैरथल-तिजारा एवं लघु उद्योग भारती के तत्वावधान में अरावली  विहार स्थित मेला ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय 12वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर 2025 का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने फेयर में लगाई  गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और विचारों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का उदघाटन करने के बाद विभिन्न औद्योगिक इकाइयों एवं संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और उद्यमियों से संवाद किया।

 

आत्मनिर्भरता ही विकसित भारत की कुंजी: भूपेंद्र यादव

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि स्वदेशी का अर्थ केवल चरखे से कपड़ा बनाना नहीं बल्कि चरखे से अंतरिक्ष तक पहुँचना है। उन्होंने प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के सपने को आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए कहा कि कोविड काल में 140 करोड़ लोगों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर भारत ने आत्मनिर्भरता का जीता-जागता उदाहरण प्रस्तुत किया।
यादव ने कहा कि सरकार ने जन विश्वास बिल, ग्रीन क्रेडिट योजना और जीएसटी में सरलीकरण जैसे कदम उठाए हैं। ग्रीन क्रेडिट योजना से उद्योग वन विकसित कर क्रेडिट कमा सकेंगे। जीएसटी को 5 और 18 प्रतिशत के दो स्लैब में बांटने से आमजन को राहत मिलेगी। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और एमएसएमई अभियानों से बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित हुआ है।
इंडस्ट्रियल फेयर के उदघाटन समारोह को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव।
भिवाड़ी विकास प्राधिकरण के गठन से होगा तीव्र विकास
उन्होंने कहा कि भिवाड़ी को समर्पित भिवाड़ी डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाई गई है, जो क्षेत्र के स्वच्छता और औद्योगिक विकास को गति देगी। दूषित पानी के निस्तारण हेतु 6 एमएलडी सीईटीपी और 34 एमएलडी एसटीपी पर कार्य जारी है। जलभराव से निजात दिलाने के लिए सराय खुर्द बांध और एनीकट का उपयोग होगा, वहीं नीमराना-भिवाड़ी लिंक रोड और एनएचएआई बैठक से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

 करियर बिल्डिंग में उपयोगी होगी ई-गुरुकुल लाइब्रेरी

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि पूरे सांसद क्षेत्र में 108 ई-गुरुकुल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं, जहाँ विद्यार्थियों को करियर बिल्डिंग, डिजिटल कोर्सेज और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधाएं मिलेंगी। यह योजना राजस्थान समग्र शिक्षा अभियान के सहयोग से एमओयू के तहत चलाई जाएगी, जिसमें देश की प्रमुख डिजिटल कंपनियों के कोर्स उपलब्ध होंगे। युवाओं की क्षमता निर्माण हेतु लघु उद्योग भारती के सहयोग से स्किल सेंटर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही भिवाड़ी में स्पोर्ट्स स्टेडियम और नया गवर्नमेंट हॉस्पिटल भी शीघ्र ही शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
औद्योगिक विकास में नैतिकता और तकनीक का संगम
लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाशचंद ने उद्यमियों से नैतिकता और गुणवत्ता को औद्योगिक विकास का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाला समय ग्रीन इंडस्ट्री और टेक्नोलॉजी आधारित उद्योगों का होगा, जिसमें अनुसंधान और नवाचार की अहम भूमिका होगी।

स्टार्टअप से युवाओं को मिला प्रोत्साहन

तिजारा विधायक महंत बालक नाथ योगी ने युवाओं से स्टार्टअप और कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब युवा रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनेंगे। वहीं बानसूर विधायक देवी सिंह शेखावत ने दुग्ध उत्पादन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए डेयरी सेक्टर को आधुनिक तकनीक और प्रोसेसिंग यूनिट्स से जोड़ने की बात कही।
डॉक्यूमेंट्री ‘चलो जीते हैं’ की विशेष स्क्रीनिंग
फेयर के बाद केंद्रीय मंत्री जेनेसिस मॉल पहुँचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन व विचारों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘चलो जीते हैं’ की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह फिल्म युवाओं को सेवा, त्याग और समर्पण का संदेश देती है और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा है।
 भिवाड़ी के अलवर बाईपास स्थित जेनेसिस मॉल में INOX थियेटर me भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित डॉक्युमेंट्री फिल्म चलो जीते हैं की स्क्रीनिंग देखते केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव व विधायक महंत बालकनाथ।

तीन दिनों तक होगा ज्ञान व व्यापार का संगम

फेयर के दौरान प्रतिदिन वेंडर डेवलेपमेंट और तकनीकी विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा सेमिनार आयोजित होंगे। इस आयोजन में उद्योग जगत, उद्यमियों और युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिलेगी, जिससे भिवाड़ी और आसपास के क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

Leave a Comment

Our Visitor

1 0 0 9 4 7
Users Today : 120
Total Users : 100947
Views Today : 166
Views This Year : 4229
Total views : 176649
Read More