ncrkhabar@Bhiwadi. श्री श्याम जागृति मंडल समिति, भिवाड़ी की ओर से आयोजित दो दिवसीय 27वां श्री श्याम वार्षिकोत्सव शुक्रवार से श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू होगा। इस अवसर पर दो दिन तक शहर श्याम भक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा। पहले दिन भव्य रथयात्रा निकलेगी, जबकि दूसरे दिन संकीर्तन महोत्सव में भक्त झूमकर बाबा श्याम के भजनों का रसपान करेंगे। समिति के सचिव सुभाष व्यास ने बताया कि शुक्रवार सुबह श्री श्याम वाटिका में हवन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद अपरान्ह 3:15 बजे आवासन मंडल सेक्टर-2 स्थित शिव मंदिर से 551 ध्वजाओं के साथ विशाल रथयात्रा निकलेगी। इस रथयात्रा का शुभारंभ भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ब्रजमोहन तंवर करेंगे। शोभायात्रा शिव मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्यमार्ग, नीलम चौक, गौरव पथ, मंसा चौक, भिवाड़ी मोड़ होते हुए पुनः शिव मंदिर पहुंचेगी। शनिवार को वार्षिकोत्सव का मुख्य आकर्षण संकीर्तन होगा, जो रात्रि में श्री श्याम वाटिका में आयोजित होगा। यह संकीर्तन प्रेमपीठ, तिजारा के पीठाधीश्वर कृष्ण चैतन्य मोहनाचार्य के सानिध्य में संपन्न होगा। संकीर्तन में भजन गायक प्रकाश दास महाराज (दादूदयाल गौशाला, निवाई, टोंक), संस्कृति राजपूत, मनीषा ठाकुर और संजय शर्मा अपनी मधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्ति रस से सराबोर करेंगे।
Users Today : 3
Total Users : 4580047
Views Today : 12
Total views : 4602098



