
Ncrkhabar@Bhiwadi. खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में प्लॉट संख्या एफ-638 पर स्थित तिरुपति इंडस्ट्री में देर रात अचानक आग लग गई। यह फैक्ट्री अगरबत्ती और धूपबत्ती निर्माण का कार्य करती है। आग फैक्ट्री के तीसरे फ्लोर पर लगी थी, जहां फिनिश गुड्स और मशीनें रखी थीं। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं से भर गई और लपटें आसमान तक पहुंच गईं। आग लगने से आसपास की फैक्ट्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रीको भिवाड़ी, खुशखेड़ा और टपूकड़ा से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। रीको दमकल केंद्र प्रभारी राजू के अनुसार, रात 2 बजे से सुबह 8 बजे तक दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे रहे। करीब 40 से अधिक दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।दमकलकर्मियों ने आग को आसपास की अन्य इकाइयों में फैलने से रोका। फैक्ट्री में अगरबत्ती बनाने का बुरादा बड़ी मात्रा में गांठों के रूप में पड़ा हुआ था, जो बार-बार सुलगता रहा, जिससे आग पूरी तरह बुझाने में दिक्कतें आईं। फैक्टी के मैनेजर नीरज ने बताया कि आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। आग तीसरे फ्लोर पर लगी थी, जहां कंपनी का तैयार माल और उत्पादन मशीनें रखी थीं, जो पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं। फैक्ट्री रात के समय बंद थी, इसलिए किसी कर्मचारी को नुकसान नहीं हुआ। प्रशासन ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। नुकसान का आंकलन अभी जारी है, पर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह लाखों में हो सकता है।

Users Today : 236
Total Users : 4584294
Views Today : 311
Total views : 4608427



