छठ महापर्व की छटा से सजा भिवाड़ी, बाजारों में छाई रौनक, पूजा सामग्री की जबरदस्त खरीदारी

SHARE:

फोटो कैप्शन- कस्बे के हरचंदपुर मार्केट में छठ पूजा सामग्री खरीदते लोग।

Ncrkhabar@Bhiwadi. दीपावली की रौनक अभी खत्म भी नहीं हुई कि भिवाड़ी के बाजार फिर से सज उठे हैं। पूर्वांचलवासी समुदाय के सबसे बड़े आस्था पर्व छठ महापर्व की तैयारियों ने पूरे शहर में उल्लास का माहौल बना दिया है। पूजा सामग्री की खरीदारी से बाजार गुलजार हैं, वहीं घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं भिवाड़ी।  पूर्वांचल की आस्था और परंपरा से जुड़े इस पर्व की तैयारी में शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। हरचंदपुर, समतल चौक, फूलबाग, सांथलका, सूरज सिनेमा रोड, टपूकड़ा और खुशखेड़ा सहित कई इलाकों में पूजा सामग्री बेचने वाली अस्थायी दुकानें सज गई हैं। शनिवार को सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस बार सबसे ज्यादा मांग बांस से बने सूप, डाला, टोकरी और पूजन पात्रों की है। इनके अलावा नारियल, गन्ना, सिंघाड़ा, मूली, केले और ठेकुआ बनाने का आटा भी खूब बिक रहा है। हरचंदपुर बाजार के दुकानदार धर्मेंद्र ने बताया कि “इस बार बारिश के कारण बिहार में सूप का उत्पादन कम हुआ है, जिससे दाम बढ़कर 100 रुपए तक पहुंच गए हैं। पिछले साल यही सूप 60 रुपए में बिके थे।” उन्होंने बताया कि इस बार खरीदारों की संख्या पिछले सालों की तुलना में कहीं अधिक है। रविवार को अवकाश होने के चलते बाजारों में और भीड़ बढ़ने की संभावना है। महिलाएं छठ की पारंपरिक वस्तुओं की खरीदारी में सबसे ज्यादा रुचि दिखा रही हैं। कई परिवार बच्चों के साथ खरीदारी करने पहुंचे, जिससे बाजारों में मेले जैसा माहौल नजर आया। उधर, छठ पूजा आयोजन समितियां भी तैयारियों में जुटी हुई हैं। शहर में लगभग 30 स्थानों पर कृत्रिम घाट बनाए जा रहे हैं। इन घाटों पर साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट का कार्य अंतिम चरण में है। समिति सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइटिंग, पानी और सुरक्षा के इंतजाम कर रहे हैं। छठ पूजा समिति यूआईटी सेक्टर-5 के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि यूआईटी पार्क में बनाए गए कृत्रिम घाट की पूरी तरह सफाई करवा दी गई है और श्रद्धालुओं के लिए रोशनी व पेयजल की व्यवस्था भी की जा रही है। नगर परिषद की टीमें भी घाटों की स्वच्छता व्यवस्था में सक्रिय हैं। छठ महापर्व चार दिनों तक चलने वाला वह पर्व है, जिसमें सूर्यदेव और छठी मईया की उपासना की जाती है। मंगलवार को उषा अर्घ्य के साथ पर्व संपन्न होगा।

 

यूआईटी सेक्टर पांच के पार्क में बनाए गए कृत्रिम घाट की सफाई करते लोग।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 4 3 0
Users Today : 247
Total Users : 4584305
Views Today : 324
Total views : 4608440
Read More