
education@ncrkhabar. com-Bhiwadi. संत जेवियर स्कूल, भिवाड़ी में शिक्षक और शिक्षिकाओं के समर्पण को सम्मानित करने का भावपूर्ण आयोजन शनिवार को संपन्न हुआ। 30 वर्षों तक विद्यार्थियों को समर्पित सेवा देने वाली शिक्षिका राजकुमारी रावत को उनके उत्कृष्ट योगदान और मेहनत के लिए सम्मानित किया गया। शिक्षिका राजकुमारी रावत की सेवानिवृत्ति पर विद्यालय में विशेष विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने आदर्श शिक्षिका के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए उपहार भेंट किए और चरण स्पर्श कर आभार व्यक्त किया। इतना स्नेह और प्यार देखकर राजकुमारी रावत भी भावविभोर हो गईं।
विद्यालय के मैनेजर फादर थॉमस कुरियाकोस, प्रधानाचार्य फादर जुगल किंडो और उपप्रधानाचार्या सिस्टर शाइनी ने उन्हें पुष्पहार पहनाकर, शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। शिक्षिका राजकुमारी ने इस अवसर पर उपस्थित सभी का धन्यवाद व्यक्त किया और विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत और लगन से अपने सपनों को साकार करने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य ने अपने उदबोधन में 30 वर्षों तक की गई शिक्षण सेवा के लिए राजकुमारी रावत का आभार व्यक्त करते हुए उनके कार्यशैली और आदर्श व्यवहार की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए गए और विद्यालय के संगीत वर्ग ने विदाई गीतों से पूरे वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के अन्य सम्मानित शिक्षक और सहायक कर्मचारी भी श्रद्धांजलि से सम्मानित किए गए। पिछले 25 वर्षों तक सेवा देने वाले अध्यापक अजय चौहान, अध्यापिकाएं पुष्पा वर्मा, रोज़ी भटेजा, जुड़ीलाइन तथा सहायक कर्मचारी सिबिचन और इंदिरा देवी को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम न केवल शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर था, बल्कि विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत साबित हुआ, जिन्होंने अपने आदर्श शिक्षकों के व्यवहार और समर्पण को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807



