

ncrkhabar@Bhiwadi. रामपुर मुंडाना औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रीको डंपिंग यार्ड में लगातार घरेलू कचरा डालने और उसमें लगने वाली आग से उठते जहरीले धुएं ने स्थानीय लोगों का जीवन संकट में डाल दिया है। शुक्रवार को पार्षद जग्गी के नेतृत्व में क्षेत्रवासी डंपिंग यार्ड पहुंचे और गीला कचरा डालने का विरोध करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। शुक्रवार को समस्या से तंग होकर पार्षद जग्गी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग डंपिंग यार्ड पहुंचे और कचरा डालने के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर नगर परिषद आयुक्त मुकेश कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश मीणा और अग्निशमन अधिकारी नरेश मीणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बातचीत किसी ठोस समाधान पर नहीं पहुंच सकी। आयुक्त ने कहा कि नए डंपिंग यार्ड के लिए भूमि आवंटित होने तक यहीं कचरा डालना पड़ेगा, जिस पर स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध जताया। बातचीत के दौरान सहमति नहीं बनने पर आयुक्त मुकेश कुमार लोगों को आश्वासन दिए डंपिंग यार्ड से वापस आ गए।
गौरतलब है कि गत मंगलवार को भी स्थानीय लोगों ने डंपिंग यार्ड में जाकर विरोध जताया था। इसके बाद बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर सुमित्रा मिश्र ने अधिकारियों के साथ डंपिंग यार्ड का निरीक्षण कर कचरे में आग लगाने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन आग की घटनाएं अभी भी जारी हैं। धुएं के कारण बच्चों और बुजुर्गों में आंखों में जलन, खांसी, सांस लेने में तकलीफ और एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।
घनी आबादी के पास डंपिंग यार्ड से लोग परेशान
पार्षद जग्गी ने कहा कि घनी आबादी वाले चार-पांच वार्डों के बीच डंपिंग यार्ड होने से लोगों को लगातार स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि सूखा कचरा तो लोग सहन कर लेंगे, लेकिन गीला कचरा डालने नहीं दिया जाएगा, चाहे इसके लिए धरना देना पड़े या गिरफ्तारी।जग्गी ने आरोप लगाया कि विरोध रोकने पर ‘देख लेने’ और मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दी गई है।। पार्षद जग्गी ने मांग की है कि डंपिंग यार्ड को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए और केंद्रीय एवं राज्य स्तर के अधिकारियों से आयुक्त के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

Users Today : 71
Total Users : 4563185
Views Today : 81
Total views : 4579471



