ग्रेप–4 की अनदेखी पर एबीवीपी का उग्र प्रदर्शन, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड कार्यालय के बाहर किया विधायक महंत बालकनाथ का पुतला दहन

SHARE:

ncrkhabar@Newdelhi/Bhiwadi. दिल्ली-एनसीआर में लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप–4) के नियमों की कथित अनदेखी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) भिवाड़ी नगर इकाई ने बुधवार को राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (आरएसपीसीबी) कार्यालय के बाहर उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने तिजारा विधायक महंत बालकनाथ का पुतला दहन कर जोरदार नारेबाजी की और विधायक पर जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रदूषण नियंत्रण मंडल कार्यालय का घेराव करते हुए कहा कि ग्रेप–4 जैसे कड़े नियम लागू होने के बावजूद भिवाड़ी में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियां धड़ल्ले से संचालित हो रही हैं। भारी वाहनों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं है और प्रतिबंध के बावजूद निर्माण कार्य खुलेआम जारी हैं। इसके कारण भिवाड़ी की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों का स्वास्थ्य गंभीर खतरे में है।

एबीवीपी की जिला संयोजक मेघा गुप्ता ने कहा कि भिवाड़ी देश के सबसे प्रदूषित औद्योगिक क्षेत्रों में शुमार है, इसके बावजूद विधायक महंत बालकनाथ ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर कभी गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक न तो प्रशासन पर प्रभावी दबाव बना सके और न ही जनता के हित में कोई ठोस पहल की, जो उनकी कार्यशैली की पूर्ण विफलता को दर्शाता है। वहीं, एबीवीपी के नगर मंत्री अनूप यादव ने कहा कि जब जनता जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर है, तब जनप्रतिनिधि मौन साधे बैठे हैं। ग्रेप–4 के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और जिम्मेदार लोग मूकदर्शक बने हुए हैं। इसी जनआक्रोश के प्रतीक स्वरूप विधायक का पुतला दहन किया गया है। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने शीघ्र ही जिम्मेदारी नहीं निभाई तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन में बाबा मोहन राम कॉलेज इकाई अध्यक्ष विपिन दायमा, इकाई सचिव एकता, कन्या महाविद्यालय इकाई सचिव काजल रावत सहित चेतन, मिर्जा, रितु, रवि, राजेश व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उधर, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी अमित जुयाल ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया गया है कि ग्रेप-4 के नियमों की सख्ती से पालना कराई जा रही है और टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल कार्यालय के बाहर विधायक महंत बालकनाथ का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन करते एबीवीपी कार्यकर्ता।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More