
ncrkhabar@Bhiwadi. औद्योगिक क्षेत्र स्थित अग्रवाल मेटल वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड ने बुधवार को बीएमए के सहयोग से शाहदौद, चौपानकी, कहरानी, बिलाहेड़ी और मुण्डाना मेव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक चिकित्सा उपकरण एवं आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराए हैं। फैक्ट्री द्वारा उपलब्ध कराए गए उपकरणों में ऑटोक्लेव मशीन, सीबीसी मशीन, ओटी लाइट, चिकित्सा बेड, सर्जिकल व मेडिकल उपकरण, सक्शन मशीन, डिजिटल बीपी इंस्ट्रूमेंट, ग्लूकोमीटर, 1.5 टन क्षमता के दो एयर कंडीशनर, रेफ्रिजरेटर, अलमारी, कंप्यूटर-प्रिंटर, ऑफिस कुर्सियां, व्हील चेयर सहित अन्य फर्नीचर शामिल हैं। लगभग 15 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध कराए गए इन संसाधनों से संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रोजाना होने वाले उपचार कार्य और चिकित्सा सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी, जिससे क्षेत्र के ग्रामीण व शहरी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
अग्रवाल मेटल वर्क्स फैक्ट्री प्रबंधन ने सभी चिकित्सा उपकरण व फर्नीचर विधिवत संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुपुर्द किए। इस अवसर पर कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक संघी ने कहा कि कंपनी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन उपकरणों से स्थानीय निवासियों को सीधा और दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में कंपनी के एडमिन मैनेजर प्रशांत कुमार शर्मा, एडमिन डिप्टी मैनेजर वैभव सक्सेना, एडमिन एग्जीक्यूटिव धीरज कुमार, परचेज मैनेजर विपिन सिंह, जिला चिकित्सालय भिवाड़ी के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सागर अरोड़ा, सीएमएचओ खैरथल डॉ. अरविंद गेट, डिप्टी सीएमएचओ तिजारा डॉ. मनोज यादव, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कैलाश, पीएचसी चौपानकी के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र गुर्जर, बीएमए अध्यक्ष जसबीर सिंह, मानद सचिव जी.एल. स्वामी व योगेश जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806



