
ncrkhabar@Bhiwadi.भिवाड़ी थाना पुलिस ने मोबाइल लूट के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले करीब दो वर्षों से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजाहिद, निवासी गांव रानियाकी, थाना तावडू, जिला नूंह (मेवात), हरियाणा के रूप में हुई है। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी की ओर से पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। थानाधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि इस संबंध में परिवादी शशांक अवस्थी, निवासी अटोरा खुर्द, जिला रायबरेली (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी सेक्टर-2, आरएचबी कॉलोनी भिवाड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी के अनुसार 28 मार्च 2024 को वह श्याम वाटिका के पास मोबाइल पर बातचीत करते हुए घर जा रहा था, तभी काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। घटना के समय एक आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। परिवादी ने कुछ दूरी तक आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन वे मौके से फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी सरफराज उर्फ शिलू को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसके खिलाफ चोरी व लूट के छह से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली थी। मुख्य आरोपी मुजाहिद घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह कभी ट्रक ड्राइवरी करता रहा तो कभी अलग-अलग स्थानों पर रिश्तेदारों के यहां छिपकर रह रहा था। लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के बाद भिवाड़ी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य लूट व चोरी की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807



