31 जनवरी तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: “सीख से सुरक्षा–तकनीक से परिवर्तन” थीम पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के निर्देश

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi. खैरथल तिजारा जिले में 31 जनवरी तक मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में “सीख से सुरक्षा–तकनीक से परिवर्तन” थीम के तहत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवहन, पुलिस, सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में PWD को जिले के ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनके त्वरित सुधार, सड़क मरम्मत, साइनेज, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर और स्पीड ब्रेकर मानकों के अनुसार लगाने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस, ओवरलोडिंग पर नियंत्रण, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग को सख्ती से लागू करने तथा जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस विभाग को यातायात नियमों के पालन की सख्त निगरानी, ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और स्कूलों व संवेदनशील क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया। इसके साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, एंबुलेंस रिस्पांस टाइम में सुधार और ट्रॉमा केयर व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जन-जागरूकता अभियानों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में कार्यक्रम, रैलियों, कार्यशालाओं और डिजिटल माध्यमों से प्रचार-प्रसार को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी, ई-चालान प्रणाली और डेटा आधारित निगरानी जैसी तकनीकों के उपयोग से सड़क सुरक्षा में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। बैठक में एमपी जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों, बिजली-पानी जैसी आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति, केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति, समीक्षा बैठकों की अनुपालना रिपोर्ट और संपर्क पोर्टल की विभागवार स्थिति की भी समीक्षा की गई। एडीएम शिवपाल जाट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों को लंबित न रखें और समयबद्ध निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान करें।

जिला सचिवालय में विभिन्न सरकारी विभागों की समीक्षा करते अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 3 1 8
Users Today : 71
Total Users : 4563185
Views Today : 81
Total views : 4579471
Read More