
ncrkhabar@Bhiwadi.खैरथल-तिजारा जिले के टपूकड़ा कस्बे में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब जयपुर डिस्कॉम की ओर से एलएंडटी कंपनी द्वारा बिजली के खंभे लगाने के लिए गड्ढा खोदने के दौरान हरियाणा सिटी गैस की भूमिगत पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटते ही मौके पर तेज गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा पैदा हो गया। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे एलएंडटी कंपनी की टीम स्ट्रीट लाइट का पोल लगाने के लिए खुदाई कर रही थी। इसी दौरान गैस की अंडरग्राउंड लाइन टूट गई। खास बात यह रही कि मौके पर गैस पाइपलाइन को लेकर चेतावनी बोर्ड भी लगा हुआ था, लेकिन इसके बावजूद खुदाई करने वालों ने सावधानी नहीं बरती। गैस रिसाव की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और हरियाणा सिटी गैस कंपनी की आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास की दुकानों को बंद कराया गया, लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया और कुछ समय के लिए यातायात भी रोक दिया गया। गैस की तेज गंध से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गैस कंपनी की तकनीकी टीम ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दुरुस्त कर दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। गनीमत यह रही कि ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन से कोई स्पार्क नहीं हुआ, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था और भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था। यह घटना विभागीय लापरवाही की ओर इशारा करती है, जहां चेतावनी बोर्ड होने के बावजूद बिना पूरी जांच के खुदाई का कार्य किया गया। स्थानीय लोगों ने भी भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
हरियाणा सिटी गैस के वाइस प्रेसिडेंट अमित कुमार सैम ने बताया कि इस घटना से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोमवार को बिजली के खंभे लगाने के लिए गड्ढा खोदने वाली कंपनी के प्रतिनिधि उनके कार्यालय में बुलाए गए हैं। यदि कंपनी की ओर से उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Users Today : 21
Total Users : 4572704
Views Today : 23
Total views : 4592222



