खिलौने और लैपटॉप बेचने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi.राजस्थान के भिवाड़ी जिले के टपूकड़ा थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए खिलौने और लैपटॉप बेचने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्हाट्सएप के जरिए खुद को व्यापारी बताकर ग्राहकों को आकर्षित करते थे और स्कैनर के माध्यम से भुगतान लेकर संपर्क तोड़ देते थे। टपूकड़ा थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि जयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि दो मोबाइल नंबर लगातार ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल हो रहे थे। तकनीकी विश्लेषण में इनकी लोकेशन टपूकड़ा क्षेत्र में पाई गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने इसन की ढाणी, धीरियावास के पास दबिश देकर दोनों आरोपियों को रंगे हाथों साइबर ठगी करते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुंतजिम निवासी हमीराका, थाना शेखपुर अहीर और रूमान निवासी सुखपुरी, थाना नगीना, जिला नूंह (मेवात), हाल निवासी ग्राम मुसारी, थाना टपूकड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मुंतजिम अपने मोबाइल में खिलौनों की कई तस्वीरें सेव कर नए-नए मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सएप के जरिए खुद को खिलौनों का व्यापारी बताकर विज्ञापन भेजता था। जैसे ही कोई ग्राहक खरीदारी के लिए संपर्क करता, वह उसे ऑनलाइन डिलीवरी का भरोसा दिलाकर स्कैनर भेज देता और भुगतान ले लेता था, इसके बाद ग्राहक का नंबर ब्लॉक कर देता था।इसी तरह आरोपी रूमान लैपटॉप की तस्वीरें भेजकर खुद को लैपटॉप व्यापारी बताता था और स्कैनर के जरिए रुपये मंगवाकर पीड़ितों को ब्लॉक कर देता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से साइबर ठगी में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने अब तक कितने लोगों को ठगा है और इस साइबर ठगी गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।भिवाड़ी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए ऑनलाइन ऑफर या स्कैनर लिंक पर बिना सत्यापन के भुगतान न करें और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 2 7 0
Users Today : 19
Total Users : 4572702
Views Today : 21
Total views : 4592220
Read More