
Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi.दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय कुख्यात सूर्या गैंग के शार्प शूटर और 65 हजार रुपये के इनामी बदमाश नीरज उर्फ संजू को भिवाड़ी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2019 से डकैती के एक मामले में फरार चल रहा था और दिल्ली व हरियाणा में कई गंभीर आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस के अनुसार नीरज उर्फ संजू सूर्या गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है और डकैती, हत्या, रंगदारी, गैंगवार जैसी संगीन घटनाओं को अंजाम देने में उसकी अहम भूमिका रही है। वारदात से पहले लग्जरी वाहनों की लूट करना गैंग की प्रमुख कार्यशैली रही है। आरोपी की गिरफ्तारी को एनसीआर में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
भिवाड़ी थाना एसएचओ सचिन शर्मा ने बताया कि 21 मई 2019 को भगत सिंह कॉलोनी बाइपास रोड स्थित एसबीआई एटीएम के सामने डकैती और अपहरण की सनसनीखेज वारदात हुई थी। हथियारों से लैस बदमाशों ने एक व्यक्ति को उसकी एसयूवी में जबरन बैठाकर सुनसान इलाके में छोड़ दिया और वाहन, नकदी, मोबाइल फोन व जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना भिवाड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी प्रशांत किरण के निर्देश पर वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। तकनीकी और पारंपरिक पुलिसिंग के माध्यम से करीब सात वर्ष से फरार चल रहे आरोपी नीरज उर्फ संजू पुत्र बलवान, निवासी खेड़ी दमकन, थाना गुहाना सदर, जिला सोनीपत (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी दिल्ली पुलिस में 50 हजार रुपये का मोस्ट वांटेड था, जबकि भिवाड़ी पुलिस द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित 13 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर सूर्या गैंग के अन्य सदस्यों, नेटवर्क और लंबित मामलों में उसकी भूमिका की गहन जांच कर रही है।


Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



