
Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi.शेखपुर थाना पुलिस ने नटराज पेंसिल का फर्जी विज्ञापन देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी सोशल मीडिया और मोबाइल मैसेज के माध्यम से नटराज पेंसिल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाता था और जॉब कार्ड बनाने के नाम पर उनसे पैसे ठगता था।
शेखपुर थाना एसएचओ देवेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी साइबर ठगी और टटलूबाजी में लिप्त था। वह नटराज पेंसिल के नाम से फर्जी विज्ञापन भेजकर लोगों को आकर्षित करता और नौकरी का भरोसा दिलाकर उनसे ऑनलाइन माध्यम से राशि वसूल करता था। ठगी की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार वांछित आरोपी आमिर निवासी मुसैपुर थाना जैरोली, जिला खैरथल-तिजारा (राजस्थान) घटना के बाद से फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर सूचना संकलन किया और लगातार दबिश दी। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस टीम ने शनिवार को आरोपी आमिर को जैरोली स्टैंड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य साइबर ठगी के मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी फर्जी विज्ञापन या ऑनलाइन जॉब ऑफर के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



Users Today : 3
Total Users : 4580047
Views Today : 12
Total views : 4602098



