खैरथल-तिजारा जिले को बजट में मिली बड़ी सौगात, भिवाड़ी में जलभराव निस्तारण से लेकर औद्योगिक विकास तक हुई कई घोषणाएं

SHARE:

 

Ncrkhabar@Jaipur/Bhiwadi.राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को विधानसभा में बजट प्रस्तुत किया, जिसमें खैरथल-तिजारा जिले को विकास की नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान, ड्रेनेज-सीवरेज, औद्योगिक विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। राज्य सरकार के बजट में खैरथल-तिजारा जिले को आधारभूत संरचना, नगरीय विकास और औद्योगिक सुविधाओं के विस्तार की बड़ी सौगात मिली है। औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को देखते हुए बजट में इसके स्थायी निस्तारण, वर्षा जल की व्यवस्थित निकासी और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य करवाने की घोषणा की गई है।

धार्मिक और यातायात सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिंदोली घाटी स्थित हनुमान मंदिर तक एक करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। वहीं तिजारा में 5 करोड़ रुपए की लागत से डाक बंगले का निर्माण किया जाएगा।

नगरीय विकास के तहत तिजारा और टपूकड़ा में ड्रेनेज कार्य कराए जाएंगे तथा सीवरेज व्यवस्था के लिए 20 करोड़ रुपए की लागत से डीपीआर तैयार की जाएगी। भिवाड़ी नगर परिषद क्षेत्र में पार्कों के पुनर्विकास के लिए 2 करोड़ रुपए तथा टपूकड़ा नगर पालिका में नाला निर्माण के लिए भी 2 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए तिजारा के सलारपुर में 220 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही खैरथल-तिजारा के मुंडावर क्षेत्र में नवीन औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। भिवाड़ी के कहरानी और चोपानकी औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, पानी और बिजली जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य भी बजट में शामिल किए गए हैं।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भिवाड़ी में 50 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा तिजारा में कंटीन्यूअस एंबिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन की स्थापना होगी, जिससे क्षेत्र की वायु गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी की जा सकेगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को बढ़ावा देते हुए मुंडावर स्थित धोकलनाथ आश्रम तालाब तथा ग्राम कुतुबपुर कोटकासिम स्थित बाबा दुर्लभनाथ आश्रम तालाब के निर्माण, मरम्मत और जीर्णोद्धार के कार्य कराए जाएंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं के तहत खैरथल-तिजारा के आयुर्वेद चिकित्सालय को जिला आयुर्वेद चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाएगा। वहीं नवगठित जिले में 25-25 क्षमता के बाल गृह और बाल अपचारियों के लिए 50-50 क्षमता के ऑब्जरवेशन होम स्थापित किए जाएंगे।

प्रशासनिक मजबूती के लिए नवगठित पंचायत समिति ततारपुर और टपूकड़ा में वीसी सेटअप लगाए जाएंगे। साथ ही जिले में मिनी सचिवालय, नवीन पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों में आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत अभय कमांड सेंटर की स्थापना के साथ-साथ एससी/एसटी वृत कार्यालय और मानव तस्करी विरोधी यूनिट भी स्थापित की जाएगी। उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवगठित जिला खैरथल-तिजारा में जिला सहकारी उपभोक्ता भंडार स्थापित किया जाएगा तथा नए उपहार विक्रय केंद्र भी शुरू किए जाएंगे। पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उनके आश्रितों को एक ही स्थान पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खैरथल में इंटीग्रेटेड सैनिक कॉम्प्लेक्स की स्थापना का भी प्रस्ताव बजट में शामिल किया गया है। बजट की इन घोषणाओं से भिवाड़ी सहित खैरथल-तिजारा जिले में नगरीय सुविधाओं, औद्योगिक विकास, पर्यावरण संरक्षण और प्रशासनिक ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Comment

Our Visitor

1 2 6 4 7 2
Users Today : 297
Total Users : 126472
Views Today : 360
Views This Year : 35101
Total views : 207521
Read More