

ncrkhabar@Bhiwadi.औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में वायु प्रदूषण लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंचता जा रहा है। रविवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 310 दर्ज किया गया, जिससे शहर की हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। विशेषज्ञों के अनुसार AQI का यह स्तर लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार रविवार को भिवाड़ी का AQI 300 के पार पहुंच गया। हैरानी की बात यह रही कि रविवार को अधिकांश उद्योगों में अवकाश होने के बावजूद प्रदूषण का स्तर इतना अधिक दर्ज किया गया। इससे साफ है कि शहर में प्रदूषण के कई अन्य कारण भी सक्रिय हैं।
शहर के प्रमुख औद्योगिक इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही। रीको औद्योगिक क्षेत्र में AQI 303 दर्ज किया गया, जबकि वसुंधरा नगर में यह 316 तक पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि AQI 300 से अधिक होने पर हवा स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक मानी जाती है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
भिवाड़ी में बढ़ते प्रदूषण के पीछे कई कारण सामने आ रहे हैं। शहर की कई सड़कों की स्थिति खराब है और जगह-जगह धूल व गंदगी जमा रहती है। वाहनों के गुजरने पर यह धूल हवा में फैलकर प्रदूषण को और बढ़ा देती है। इसके अलावा सड़कों के किनारे ट्रकों और बसों की अवैध पार्किंग भी ट्रैफिक जाम का कारण बनती है।
जाम में फंसे वाहनों से निकलने वाला धुआं भी हवा को और अधिक प्रदूषित कर देता है। औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ वाहनों का बढ़ता दबाव, सड़कों की धूल और अतिक्रमण के कारण लगने वाला ट्रैफिक जाम भी प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।
पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें तो भिवाड़ी में प्रदूषण का स्तर लगातार ऊंचा बना हुआ है। एक मार्च को AQI 184, दो और तीन मार्च को 242, चार मार्च को 195, पांच मार्च को 144, छह मार्च को 207 और सात मार्च को 258 दर्ज किया गया था। रविवार को यह बढ़कर 310 तक पहुंच गया, जिससे शहर की हवा और अधिक जहरीली हो गई।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय रहते प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। शहर में सड़कों की नियमित सफाई, धूल नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की आवश्यकता बताई जा रही है।


Users Today : 261
Total Users : 151592
Views Today : 327
Views This Year : 67963
Total views : 240383



