गुरुग्राम में लोधी राजपूत महासभा का प्रांतीय अधिवेशन सम्पन्न, शिक्षा व युवा सशक्तिकरण पर दिया जोर

SHARE:

ncrkhabar@gurugram.हरियाणा के गुरुग्राम स्थित अपैरल हाउस में अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा (हरियाणा प्रदेश) का प्रांतीय अधिवेशन प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक रवि वर्मा के नेतृत्व में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। अधिवेशन के दौरान समाज की एकता, शिक्षा के विस्तार, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत और प्रभावशाली बनाने के लिए विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उन्नाव से सांसद स्वामी डॉ. साक्षी महाराज, संरक्षक एवं पूर्व मंत्री राजवीर सिंह ‘राजू भैया’, फर्रुखाबाद से सांसद मुकेश राजपूत सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। इनके अलावा विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और विधायकों ने भी कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

अपने संबोधन में स्वामी डॉ. साक्षी महाराज और राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ ने कहा कि महासभा अब शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाएगी, जिससे समाज के युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने समाज की राजनीति में भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि समाज की आवाज को सशक्त बनाया जा सके।वक्ताओं ने एकजुटता, संगठन और समर्पण को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी से समाज के उत्थान के लिए सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष रवि वर्मा ने सभी अतिथियों और उपस्थित समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा, ऊर्जा और प्रेरणा देते हैं। साथ ही उन्होंने दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे देश में लोधी राजपूत समाज से एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया, ताकि समाज के समग्र विकास को गति मिल सके।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 2
Users Today : 179
Total Users : 4575929
Views Today : 223
Total views : 4596790
Read More