राजस्थान में ऑटोमोबाइल रिटेल सेक्टर को बढ़ावा: CM भजनलाल शर्मा बोले—निवेश और रोजगार के खुले नए अवसर

SHARE:

Ncrkhabar@Bhiwadi/Jaipur. भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार के नीतिगत फैसलों से राजस्थान में निवेशकों और उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। ऑटोमोबाइल रिटेल सेक्टर विकसित राजस्थान के ग्रोथ इंजन का अहम हिस्सा बन चुका है।

मुख्यमंत्री शनिवार को जयपुर में फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘व्यापार राजस्थान 2026’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस सेक्टर से जुड़े हितधारकों को सरकार द्वारा आवश्यक संसाधन और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ऑटोमोबाइल सेक्टर को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। अब गैर-परिवहन वाहनों के अधिकृत डीलर्स को ही वाहन पंजीयन की शक्तियां दी गई हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पेपरलेस हो गई है। इसके साथ ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने की सुविधा भी डीलर्स के स्तर पर उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य में यूज्ड कार बाजार को व्यवस्थित करने के लिए नई नीति बनाई गई है, जिससे उपभोक्ताओं को धोखाधड़ी से बचाया जा सकेगा और राज्य को अतिरिक्त राजस्व भी मिलेगा। साथ ही शहरों में ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए ऑटो रिटेल जोन विकसित करने का सुझाव भी दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गिविंग व्हील्स टू विकसित राजस्थान’ थीम मोबिलिटी सेक्टर के बदलते स्वरूप को दर्शाती है। सरकार एक पारदर्शी और प्रभावी मोबिलिटी रिटेल इकोसिस्टम तैयार कर रही है, जिससे राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

उन्होंने बताया कि ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए गए हैं, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। ऑटोमोबाइल रिटेल सेक्टर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ है, जो लाखों लोगों को रोजगार देने के साथ-साथ जीएसटी राजस्व में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से राजस्थान निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है और कौशल विकास व ऑन-जॉब ट्रेनिंग से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More