Bhiwadi Crime News : नाबालिग बालक से थाने में मारपीट के मामले में गरमाई राजनीति, पीड़ित के परिजनों से मिले कांग्रेस नेता, एसपी से की 2 दिन में कार्रवाई की मांग

SHARE:

Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi. भिवाड़ी फेज-III थाना क्षेत्र में एक नाबालिग दलित बालक के साथ कथित पुलिस मारपीट का गंभीर मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव और राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। घटना को लेकर परिजनों और कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, नाबालिग बालक को बिना किसी आपराधिक रिकॉर्ड या लंबित मामले के उसके घर से उठाकर थाने लाया गया, जहां उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार में आक्रोश है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।

मंगलवार को झिवाना गांव में पीड़ित परिवार से मिलने पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, भरतपुर सांसद संजना जाटव और मुंडावर विधायक ललित यादव सहित कई कांग्रेस नेता पहुंचे। नेताओं ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने भिवाड़ी एसपी बृजेश उपाध्याय से फोन पर बातचीत कर दो दिन के भीतर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाएगी।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अस्पताल में भर्ती बालक की स्थिति गंभीर बताते हुए कहा कि उसके शरीर पर गंभीर चोटें हैं, कमर और दोनों पैरों में फ्रैक्चर है। उन्होंने दावा किया कि बालक फिलहाल वेंटिलेटर पर है। जूली ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में पुलिस मौजूद रहकर परिजनों को बच्चे से मिलने नहीं दे रही है और मामले को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग लगातार तेज होती जा रही है।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 0 0 4
Users Today : 2
Total Users : 4580046
Views Today : 11
Total views : 4602097
Read More