तिजारा के किसान आस मोहम्मद की सफलता की कहानी: सरकारी योजनाओं से Farm Pond और मशीनों के दम पर बढ़ाई आय, देशभर के किसानों के लिए बने मिसाल

SHARE:

ncrkhabar@Khairthal-Tijara.राजस्थान के तिजारा क्षेत्र से एक प्रेरणादायक किसान की सफलता की कहानी सामने आई है। आज के दौर में खेती को घाटे का सौदा माना जाता है, लेकिन राजस्थान के तिजारा क्षेत्र की बाघोर ग्राम पंचायत के नीमली गांव के किसान आस मोहम्मद ने इस सोच को बदलकर दिखा दिया है। उन्होंने सरकारी कृषि योजनाओं का सही उपयोग कर न केवल अपनी खेती को आधुनिक बनाया, बल्कि अपनी आय में भी कई गुना बढ़ोतरी की है। सीमित संसाधनों और पानी की कमी से जूझ रहे आस मोहम्मद ने आज फार्म पॉन्ड, कृषि यंत्र और तारबंदी जैसी योजनाओं के जरिए अपनी आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है।

पहले पारंपरिक खेती करते थे आस मोहम्मद 

ग्राम पंचायत बाघोर के नीमली निवासी आस मोहम्मद पहले पारंपरिक खेती पर निर्भर थे। रबी सीजन में पानी की कमी उनकी सबसे बड़ी समस्या थी, जिससे फसल उत्पादन प्रभावित होता था। ऐसे में उन्होंने कृषि विभाग के मार्गदर्शन में खेत तलाई (फार्म पॉन्ड) का निर्माण कराया। इस फार्म पॉन्ड में वर्षा जल का संचयन होने लगा, जिससे अब वे जरूरत के समय सिंचाई कर पाते हैं। इसका सीधा असर उनकी फसल की गुणवत्ता और उत्पादन पर पड़ा है।आस मोहम्मद बताते हैं कि पहले जहां पानी के अभाव में फसल कमजोर रह जाती थी, वहीं अब समय पर सिंचाई मिलने से उत्पादन बेहतर हुआ है और बाजार में अच्छी कीमत भी मिल रही है। इससे उनकी आमदनी में लगातार इजाफा हो रहा है। खेती को और आसान और आधुनिक बनाने के लिए उन्होंने वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना के तहत थ्रेसर मशीन पर अनुदान प्राप्त किया। इस मशीन की मदद से फसल कटाई के बाद भूसा अलग करने का कार्य काफी सरल हो गया है। पहले जहां इस काम में अधिक मजदूरी और समय लगता था, वहीं अब कम लागत में तेजी से काम पूरा हो जाता है। इससे न केवल खर्च कम हुआ है बल्कि समय की भी बचत हुई है।

खेतों की तारबंदी कर आवारा पशुओं से बचाई फसल

इसके साथ ही उन्होंने अपने खेत की तारबंदी करवाई, जिससे आवारा पशुओं से फसल को होने वाले नुकसान पर काफी हद तक रोक लगी है। पहले फसल खराब होने का डर बना रहता था, लेकिन अब उनकी खेती सुरक्षित हो गई है। आस मोहम्मद नियमित रूप से कृषि पर्यवेक्षक के संपर्क में रहते हैं और नई योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते रहते हैं। वे कहते हैं कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं किसानों के लिए बेहद लाभकारी हैं, जरूरत है तो सिर्फ सही जानकारी और समय पर आवेदन करने की।

किसानों को आधुनिक खेती अपनाने का दिया संदेश

वे अन्य किसानों को भी संदेश देते हैं कि अगर वे आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं को अपनाएं, तो खेती को एक फायदे का सौदा बनाया जा सकता है। उनकी यह सफलता कहानी न केवल तिजारा बल्कि पूरे राजस्थान और एनसीआर क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा है। आस मोहम्मद की उपलब्धि यह दर्शाती है कि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग, आधुनिक तकनीक और जागरूकता के साथ किसान अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं और आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

आस मोहम्मद, किसान, बाघोर, तिजारा।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More