खैरथल-तिजारा जिले में गांव-गांव पहुंच रहे ग्राम रथ, सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर लाभान्वित हो रहे ग्रामीण

SHARE:

Ncrkhabar@Khairthal-Tijara.राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से खैरथल-तिजारा जिले में चलाया जा रहा ग्राम रथ अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी साबित हो रहा है। गांव-गांव पहुंच रहे एलईडी युक्त ग्राम रथों के जरिए ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

तिजारा विधानसभा क्षेत्र के उबाराका, गोतोली, पाटन कलां, नौगावां और मिलकपुर तुर्क गांवों में शनिवार को ग्राम रथ के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। वहीं किशनगढ़बास विधानसभा क्षेत्र के न्याणा, बिदरका, राबका, खोहरा पीपली और शेखपुर सहित कई गांवों तथा मुंडावर विधानसभा क्षेत्र के रायपुर, नांगल बावला, सुखमनहेडी, बड़ी और सौरखा खुर्द गांवों में ग्राम रथ पहुंचते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

कार्यक्रम के दौरान कृषि, पशुपालन, डेयरी, सहकारिता, ऊर्जा, पंचायती राज, ग्रामीण विकास और उद्योग सहित 13 विभागों की योजनाओं का डिजिटल माध्यम से जीवंत प्रसारण किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma का संदेश भी ग्रामीणों को सुनाया गया, जिसमें उन्होंने आमजन से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामदयाल ने बताया कि अभियान के दौरान स्थानीय लोक कलाकारों ने गीत और भजनों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी रोचक अंदाज में प्रस्तुत की। इससे ग्रामीणों को योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया को आसानी से समझने में मदद मिली। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित लोगों को प्रचार सामग्री और योजना संबंधी मार्गदर्शिकाएं भी वितरित कीं।

ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने के लिए ग्राम रथों के साथ सुझाव पेटिका भी रखी गई, जिसमें लोगों ने अपने सुझाव और समस्याएं दर्ज कराईं। अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक योजनाओं की सटीक जानकारी पहुंचाकर उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ना है।

 

ग्राम रथों का आज रहेगा यह रूट

जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने बताया कि जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत रविवार को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा रात्रि चौपालों का आयोजन कर आमजन की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।तिजारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मलेसर, धीरियावास, दागनहेडी, खुशखेड़ा, राबड़का गांवों में ग्राम रथ पहुंचेगा तथा आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।साथ ही महेशरा में रात्रि चौपाल आयोजित होगी। इसके अलावा मुंडावर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सुहेटा, अजीजपुर, कादरनगर, खुशालबास, इकरोटियां गांवों में ग्राम रथ के माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही मातौर में रात्रि चौपाल आयोजित होगी। किशनगढ़बास विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर, टहेडका, खेडला, कल्याण बसई, जगता बसई गांवों में ग्राम रथ द्वारा प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा राताखुर्द में रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा।

तिजारा विधानसभा क्षेत्र के मिलकपुर तुर्क गांव में ग्राम रथ अभियान के दौरान सरकारी योजनाओं की जानकारी लेते ग्रामीण।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 3 1 9
Users Today : 85
Total Users : 4563199
Views Today : 97
Total views : 4579487
Read More