
ncrkhabar@Bhiwadi.पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को भिवाड़ी की जेनेसिस गार्डेनिया एवं टेरा सोसायटी के पार्क में नाहटा फाउंडेशन के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और बच्चों में प्रकृति संरक्षण की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में पार्षद अमित नाहटा जैन, सुरेंद्र रावत, प्रवीण श्रीवास्तव, सुरेंद्र पालीवाल, तपस पुले, धर्मेंद्र पांडेय, दत्ता जी, जिले जी, एस. घोष एवं ईश्वर सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी में सोसायटी के बच्चों कबीर यादव, शाहिल यादव, मयंक प्रताप, लवित्र, आयुष एवं आरुष मिश्रा ने पौधारोपण किया।
बच्चों ने लगाए पौधे, देखभाल का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और उन्हें गोद लेकर नियमित देखभाल का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है, ताकि आने वाली पीढ़ी प्रकृति संरक्षण के महत्व को समझ सके।
बंजर भूमि से बना सुंदर पार्क
कार्यक्रम के दौरान प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि जिस स्थान पर आज सुंदर पार्क विकसित हुआ है, वहां पहले बंजर भूमि थी। क्षेत्र में कचरे के ढेर और जलभराव की समस्या बनी रहती थी। उन्होंने कहा कि पार्षद अमित नाहटा जैन की दूरदर्शी सोच और लगातार प्रयासों की बदौलत यह क्षेत्र अब स्वच्छ और आकर्षक पार्क के रूप में विकसित हो चुका है।
बुजुर्गों के लिए लगेंगी नई बेंच
पार्षद अमित नाहटा जैन ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए बच्चों को प्रारंभ से ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे स्वयं पौधे लगाते हैं और उनकी देखभाल करते हैं, तो उनमें प्रकृति के प्रति लगाव और जिम्मेदारी की भावना बढ़ती है। उन्होंने पार्क में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों और अन्य लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो नई बेंच उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही पार्क में मैकेनिकल जिम उपकरण लगाने के प्रयास जारी होने की जानकारी भी दी, जिससे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। कार्यक्रम के अंत में सोसायटीवासियों एवं आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने नाहटा फाउंडेशन, पार्षद अमित नाहटा जैन और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

Users Today : 371
Total Users : 156186
Views Today : 472
Views This Year : 73506
Total views : 245926


