
ncrkhabar@Bhiwadi. पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में कार्यरत विप्र सेना खैरथल-तिजारा का पौधारोपण अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में विप्र सेना के जिला महासचिव धर्मेंद्र गौतम ने अपने पुत्र यशराज के 18वें जन्मदिन के अवसर पर 151 पौधे लगाकर समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पौधारोपण अभियान के तहत जामुन, अमरूद, शीशम, इमली और नीम के पौधे लगाए गए। इनमें से 100 पौधे भिवाड़ी के एक निजी स्कूल के पास रोपे गए। इस अवसर पर विप्र सेना के जिला अध्यक्ष अशोक कौशिक, सोमदत्त शर्मा और निशा शर्मा भी मौजूद रहे। इसके बाद थड़ा स्कूल के सामने स्थित खेल मैदान में 51 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में तोलाराम यादव, कृष्ण यादव, हिल व्यू गार्डन आरडब्ल्यूएस के अध्यक्ष राकेश शर्मा सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
धर्मेंद्र गौतम ने कहा कि विप्र सेना पिछले डेढ़ वर्ष से भिवाड़ी में लगातार पौधारोपण कर रही है। संगठन का उद्देश्य क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाना और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, उनकी देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों को नियमित रूप से पानी देने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी ली। उनका उद्देश्य है कि ये पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर लोगों को छाया, फल और स्वच्छ ऑक्सीजन प्रदान करें।

Users Today : 179
Total Users : 4575929
Views Today : 223
Total views : 4596790



