
Sports@ncrkhabar. com-Bhiwadi.अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) भिवाड़ी नगर इकाई द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में अलवर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भिवाड़ी को छह विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई टीमों ने भाग लिया और खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री पवन गुर्जर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्षशीलता का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
फाइनल मुकाबले में भिवाड़ी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 113 रन बनाए। इसके जवाब में अलवर की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 18.2 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ अलवर की टीम प्रतियोगिता की विजेता बनी, जबकि भिवाड़ी की टीम उपविजेता रही।
विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। परिषद पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सहयोग और खेल भावना को बढ़ावा देती हैं। साथ ही युवाओं से क्रिकेट के अलावा भारतीय पारंपरिक खेलों को भी अपनाने की अपील की गई।कार्यक्रम में एबीवीपी के जिला प्रमुख देवेंद्र राज, प्रांत कार्यसमिति सदस्य नेहा सैन, जिला संयोजक अनूप यादव, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य रवि दायमा, काजल, हर्षिता, मुस्कान सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।


Users Today : 191
Total Users : 4575941
Views Today : 237
Total views : 4596804



