Khairthal-Tijara News: भूत-प्रेत का डर दिखाकर 32 लाख की ठगी: खैरथल पुलिस ने मौलवी और तांत्रिक को किया गिरफ्तार

SHARE:

 

Crime@ncrkhabar.com-Khairthal-Tijara. राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर 32 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खैरथल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संगठित ठगी गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के नूंह जिले का नूरदीन मौलवी और खैरथल निवासी तांत्रिक राजेंद्र प्रसाद शर्मा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एक परिवार को भूत-प्रेत और जिन्न का साया होने का भय दिखाकर लाखों रुपये ठग लिए।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में की गई कार्रवाई में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ित परिवार को यह कहकर डराया कि उनके घर पर जिन्न का प्रभाव है और यदि समय रहते विशेष पूजा-पाठ नहीं कराया गया तो परिवार के किसी सदस्य की मौत हो सकती है। भय और अंधविश्वास का फायदा उठाकर आरोपियों ने परिवार से अलग-अलग किस्तों में 32 लाख रुपये से अधिक की रकम वसूल ली।

पड़ोसी ने बनाया विश्वास, फिर तंत्र-मंत्र के जाल में फंसाया

जांच में सामने आया कि फरवरी 2025 से खैरथल निवासी राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने पीड़ित परिवार से नजदीकियां बढ़ानी शुरू कीं। उसने खुद को तांत्रिक शक्तियों वाला व्यक्ति बताते हुए परिवार को विश्वास में लिया। इसके बाद उसने हरियाणा के पुन्हाना निवासी नूरदीन और आबिद मौलवी से संपर्क कराया।
आरोपियों ने परिवार को बताया कि उनके घर में भूत-प्रेत का साया है और उससे छुटकारा पाने के लिए विशेष अनुष्ठान कराने होंगे। धीरे-धीरे आरोपियों ने पीड़ित परिवार से 25 हजार रुपये, 12 लाख रुपये, 11.50 लाख रुपये और 5.50 लाख रुपये की रकम ले ली।
बकरे की बलि और हवन सामग्री के नाम पर भी वसूले पैसे
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने केवल नकद राशि ही नहीं ठगी बल्कि बकरे की बलि, पूजा सामग्री और हवन सामग्री के नाम पर भी बड़ी रकम वसूली। बकरे की बलि के लिए 23 हजार रुपये और हवन सामग्री के नाम पर करीब 1.50 लाख रुपये लिए गए। इस तरह कुल ठगी की रकम करीब 32 लाख रुपये तक पहुंच गई।

शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

पीड़ित परिवार ने 22 मई 2026 को खैरथल थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे हैं।
लगातार एक माह तक चली जांच और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना क्षेत्र के आंधाकी गांव से नूरदीन मौलवी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं तांत्रिक राजेंद्र प्रसाद शर्मा को खैरथल से दबोच लिया गया।

एक आरोपी फरार, रकम की बरामदगी का प्रयास जारी

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ठगी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस अब मामले में फरार चल रहे आबिद मौलवी की तलाश कर रही है। साथ ही ठगी गई रकम की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। खैरथल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि भूत-प्रेत, टोना-टोटका और तंत्र-मंत्र के नाम पर किसी भी व्यक्ति के बहकावे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति अंधविश्वास फैलाकर धन की मांग करता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 3 1 7
Users Today : 61
Total Users : 4563175
Views Today : 68
Total views : 4579458
Read More