
Ncrkhabar@Bhiwadi.अलवर बाईपास स्थित कजारिया ग्रीन सोसायटी से शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ। यात्रा शुरू होने से पहले सोसायटी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का पूजन कर सभी यात्रियों को तिलक लगाया गया और प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना के साथ उन्हें विधिवत विदाई दी गई। पूरे परिसर में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष गूंजते रहे।

इस वर्ष यात्रा दल में भिवाड़ी के पार्षद अमित नाहटा जैन लगातार 24वीं बार बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं। उनके साथ राजवीर दायमा लगातार 10वीं बार, अनिल कुमार चौथी बार तथा सुभाष व्यास, सुमन शिशिर, ओमप्रकाश सैन, दिलीप माहेश्वरी, उमेश मालपानी, हर्ष यादव, मनोज सोनी, अंशु सोनी और मयंक सोनी सहित अन्य श्रद्धालु भी यात्रा में शामिल हैं। सभी श्रद्धालु बाबा बर्फानी के पवित्र हिम शिवलिंग के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और देश की खुशहाली की प्रार्थना करेंगे।

24वीं बार अमरनाथ यात्रा पर निकले अमित नाहटा जैन
रवाना होने से पहले पार्षद अमित नाहटा जैन ने कहा कि लगातार 24वीं बार बाबा अमरनाथ की यात्रा करने का अवसर मिलना उनके लिए भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा है। उन्होंने कहा कि बाबा बर्फानी का बुलावा हर किसी को नहीं मिलता। यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि आत्मिक शांति, विश्वास, धैर्य और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत अनुभव है। उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में पहुंचकर मिलने वाला सुकून शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस बार भी वे देशवासियों, भिवाड़ी क्षेत्र के नागरिकों और सभी परिवारों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा खुशहाली की कामना करेंगे।

युवाओं को दिया संस्कृति से जुड़ने का संदेश
अमित नाहटा जैन ने युवाओं से भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान करते हुए कहा कि अमरनाथ जैसी आध्यात्मिक यात्राएं जीवन में अनुशासन, सेवा, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक चेतना का संचार करती हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़कर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
श्रद्धा और उत्साह के बीच हुआ यात्रा दल का स्वागत
यात्रा से पूर्व मौजूद लोगों ने श्रद्धालुओं का पुष्पमालाओं और शुभकामनाओं के साथ स्वागत किया। सभी ने यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और सफल दर्शन की कामना की। बाबा अमरनाथ के जयकारों के बीच श्रद्धालु अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Users Today : 52
Total Users : 4563166
Views Today : 58
Total views : 4579448



