

NCR Khabar | Khairthal-Tijara/Bhiwadi. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचआरआरएल (HRRL) रिफाइनरी का उदघाटन किया। खैरथल-तिजारा जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के सभागार में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रधानमंत्री का संबोधन एवं उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण देखा।कार्यक्रम के साथ आयोजित रोजगार उत्सव में जिले के 380 युवक-युवतियों को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र सौंपे गए। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश, पूर्व विधायक रामहेत यादव तथा अन्य अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
किन विभागों में मिली नियुक्तियां

जिला प्रशासन के अनुसार कुल 380 नियुक्तियों में 287 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रशासनिक सुधार विभाग में, 8 ग्राम विकास अधिकारी पंचायती राज विभाग में, 45 व्याख्याता एवं वरिष्ठ अध्यापक शिक्षा विभाग में, 4 व्याख्याता कॉलेज शिक्षा विभाग में, 3 कृषि अधिकारी कृषि विभाग में, 3 पद कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग में, 1 निरीक्षक ग्रेड-द्वितीय सहकारिता विभाग में, 1 कनिष्ठ अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में, 21 कॉन्स्टेबल पुलिस विभाग में, 2 प्रयोगशाला सहायक (अनुकंपा नियुक्ति) शिक्षा विभाग में, 3 टेक्नीशियन विद्युत विभाग में, 1 एनालिस्ट-कम-प्रोग्रामर सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग में तथा 1 कॉन्स्टेबल (अनुकंपा नियुक्ति) पुलिस विभाग में नियुक्त किए गए।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता धर्मवीर यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिलेभर में हुआ लाइव प्रसारण
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का प्रसारण केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। खैरथल-तिजारा जिले की सभी पंचायत समितियों, ग्राम पंचायतों और स्थानीय निकायों में भी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई। विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लेकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। सरकार का उद्देश्य रोजगार सृजन और युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराना है। रोजगार उत्सव के माध्यम से नियुक्ति पत्र मिलने पर चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Users Today : 64
Total Users : 4563178
Views Today : 71
Total views : 4579461



