Khairthal-Tijara News: खैरथल-तिजारा जिले में 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, 2.03 लाख तिरंगे बांटने का लक्ष्य

SHARE:

ncrkhabar@Khairthal-Tijara.राजस्थान सरकार एवं ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार खैरथल-तिजारा जिले में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान तथा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। अभियान के तहत जिले में कुल 2 लाख 3 हजार तिरंगे वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

अतिरिक्त जिला कलक्टर खैरथल-तिजारा के समग्र पर्यवेक्षण में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी तथा आयुक्त नगर परिषद खैरथल को सह-नोडल अधिकारी बनाया गया है। ब्लॉक स्तर पर उपखंड अधिकारी तथा ग्राम पंचायत स्तर पर विकास अधिकारी और शहरी निकाय क्षेत्रों में अधिशाषी अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी के रूप में अभियान का संचालन करेंगे।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरथल में 13 और 14 अगस्त को प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें विभाजन से संबंधित सामग्री, फोटो एवं लघु फिल्मों का प्रदर्शन होगा। विद्यार्थियों को भी प्रदर्शनी का भ्रमण कराया जाएगा। विभाजन से प्रभावित परिवारों एवं उनके प्रतिनिधियों सहित स्वतंत्रता सेनानियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। श्रद्धांजलि के बाद दो मिनट का मौन रखा जाएगा। जिला और उपखंड स्तर पर कैंडल मार्च भी निकाला जाएगा।

तिरंगा रैली और प्रदर्शनी का होगा आयोजन

हर घर तिरंगा अभियान के तहत 9 अगस्त को सुबह 8 से 11 बजे तक तिरंगा हाथ में लेकर प्रभात फेरी निकाली जाएगी। 10 अगस्त को जिला एवं उपखंड मुख्यालयों पर तिरंगा रैली होगी। इसमें ई-बाइक, साइकिल और ट्रैक्टर रैली के साथ स्थानीय लोक कलाकारों एवं संगीतकारों की भागीदारी रहेगी। 11 और 12 अगस्त को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरथल में तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन होगा। इसमें तिरंगा और वंदे मातरम् से संबंधित प्रदर्शनी, फोटो-वीडियो प्रदर्शन, चरखा एवं बुनकरों द्वारा तिरंगा कपड़ा तैयार करने की कला का प्रदर्शन, राजस्थान की संस्कृति से जुड़ी गतिविधियां और स्थानीय उत्पादों की बिक्री की व्यवस्था होगी।

प्रमुख स्थानों पर होगी तिरंगा सजावट

13 से 17 अगस्त तक प्रमुख सरकारी कार्यालयों, भवनों, स्मारकों और स्थलों को तिरंगा रंग की एलईडी लाइटिंग से सजाया जाएगा। बाजारों में लाइटिंग, माला, दीप सजावट और तिरंगा रंगोली बनाई जाएगी। प्रमुख स्थानों पर तिरंगा कैनवास भी लगाया जाएगा, जिस पर आमजन हस्ताक्षर करने के साथ देशप्रेम से जुड़े संदेश लिख सकेंगे। कैनवास 13 अगस्त सुबह आठ बजे लगाया जाएगा और 17 अगस्त शाम आठ बजे हटाया जाएगा।

15 अगस्त को ध्वजारोहण और तिरंगा शपथ

14 अगस्त की शाम सात बजे प्रत्येक पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें स्वतंत्रता सेनानियों, सैनिकों एवं शहीद परिवारों को आमंत्रित कर सम्मान दिया जाएगा। 15 अगस्त को जिले के सभी राजकीय एवं निजी कार्यालयों और भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। ग्राम पंचायत एवं शहरी निकाय स्तर पर ध्वजारोहण के साथ देश की एकता एवं अखंडता के लिए तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी।

अभियान के दौरान अधिकृत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाएगा। आमजन को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर निर्धारित हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। तिरंगा वॉलंटियर्स के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और आमजन को अभियान से जोड़ा जाएगा।

शहरी क्षेत्र में 34,510 और ग्रामीण क्षेत्र में 1.68 लाख तिरंगे

जिले में कुल 2,03,000 तिरंगे वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें शहरी क्षेत्रों के लिए 34,510 और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 1,68,490 तिरंगे शामिल हैं। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप तिरंगों की उपलब्धता और वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, स्वतंत्रता सेनानियों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More