Bhiwadi News : संत जेवियर स्कूल में दीक्षांत समारोह आयोजित, 59 प्रशिक्षणार्थियों को सिलाई मशीन और ब्यूटी किट देकर बढ़ाया आत्मनिर्भरता का हौसला

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi.संत जेवियर स्कूल, भिवाड़ी की सामाजिक सेवा इकाई जेवियर सोशल आउटरीच सर्विस (XSOS) की ओर से ब्यूटी कल्चर और टेलरिंग पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रशिक्षणार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कुल 59 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके कौशल और उपलब्धियों का सम्मान किया गया। इनमें 32 प्रशिक्षणार्थियों ने टेलरिंग और 27 ने ब्यूटी कल्चर का पाठ्यक्रम पूरा किया।

समारोह की मुख्य अतिथि संत जेवियर्स स्कूल की शिक्षिका सपना सराफ रहीं। उन्होंने XSOS की ओर से किए जा रहे सामाजिक सेवा और कौशल विकास के कार्यों की सराहना करते हुए प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के मैनेजर फादर थॉमस कुरियाकोस, प्रधानाचार्य फादर जुगल किंडो सहित अन्य फादर्स और सिस्टर्स की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रशिक्षणार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को उत्साह और उल्लास से भर दिया। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उपयोगी सामग्री भी प्रदान की गई। सफल टेलरिंग प्रशिक्षणार्थियों को नई सिलाई मशीनें उपहार में दी गईं, ताकि वे प्रशिक्षण के दौरान सीखे कौशल का व्यावहारिक उपयोग कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें। वहीं ब्यूटी कल्चर का पाठ्यक्रम पूरा करने वाली छात्राओं को बैकपैक और हेयर स्ट्रेटनर प्रदान किए गए। सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र भी दिए गए।

XSOS के निदेशक फादर सेबेस्टियन अस्सारीकुडी ने कहा कि संस्था तीन दशकों से अधिक समय से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास और सेवा के माध्यम से लोगों को सशक्त बनाने का XSOS का मिशन आगे भी जारी रहेगा। विद्यालय के मैनेजर फादर थॉमस कुरियाकोस ने प्रशिक्षणार्थियों को उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए अर्जित कौशल का बेहतर उपयोग करने और आत्मविश्वास के साथ आत्मनिर्भर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। फादर ज्ञान मुथु ने आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कौशल विकास को समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। समारोह ने यह संदेश दिया कि कौशल विकास केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि गरिमा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी है।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 2
Users Today : 178
Total Users : 4575928
Views Today : 222
Total views : 4596789
Read More